हरियाणा। के करनाल निवासी कुख्यात गैंगस्टर भानु राणा की अमेरिका के कैलिफोर्निया में हत्या किए जाने का दावा सामने आया है। यह दावा लॉरेंस गैंग से जुड़े सोशल मीडिया अकाउंट पर की गई एक पोस्ट में किया गया है। पोस्ट में कहा गया है कि भानु राणा को मारकर उसे जमीन में करीब 10 फीट नीचे दफना दिया गया है। हालांकि इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पोस्ट में यह भी लिखा गया है कि करीब एक साल पहले ही गैंग की ओर से चेतावनी दी गई थी कि भानु राणा को खत्म कर दिया जाएगा, क्योंकि वह देश के खिलाफ काम कर रहा था। हालांकि इस पोस्ट की सत्यता की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। भानु राणा पहले लॉरेंस गैंग से जुड़ा हुआ बताया जाता है। नवंबर 2025 में उसके अमेरिका में गिरफ्तार होने की खबर सामने आई थी। उस समय उसे भारत डिपोर्ट किए जाने की संभावना भी जताई गई थी, लेकिन बाद में उसे भारत नहीं लाया गया। इससे पहले जून 2025 में करनाल STF ने भानु राणा के दो करीबी सहयोगियों को हैंड ग्रेनेड के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया था कि उन्होंने पंजाब के जालंधर में भी ग्रेनेड की सप्लाई की थी, जिनका बाद में ब्लास्ट में इस्तेमाल किया गया था। फिलहाल भानु राणा की मौत को लेकर अमेरिकी एजेंसियों या भारतीय सुरक्षा एजेंसियों की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

