पीलीबंगा। जिले में अवैध हथियारों एवं संगठित अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पीलीबंगा थाना पुलिस ने एक युवक को अवैध पिस्टल सहित गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एजीटीएफ हनुमानगढ़ से प्राप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस अधीक्षक हरी शंकर ने बताया कि पीलीबंगा थाना के एएसआई मदनलाल के नेतृत्व में गठित टीम गश्त पर थी। गश्त के दौरान टीम ने पीलीबंगा-रावतसर रोड पर 26 एसटीजी के नजदीक एसटीजी नहर पटड़ा पर संदिग्धावस्था में घूम रहे युवक को रोककर तलाशी ली तो उसके कब्जे से एक अवैध पिस्टल बरामद हुई। टीम ने मौके से गुरविन्द्र सिंह (27) पुत्र सुखवीर सिंह निवासी चक 14 एसटीबी, मानकथेड़ी, पीलीबंगा को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। मामले का अनुसंधान एएसआई राजकुमार कर रहे हैं। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में एएसआई मदनलाल, कांस्टेबल श्रवण सिंह व हुकमाराम शामिल रहे। पुलिस आरोपी से अवैध हथियार की आपूर्ति के स्त्रोत एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
