गोगामेड़ी। गोगामेड़ी थाना क्षेत्र के गांव ढीलकी जाटान में घर में घुसकर मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने, नकदी व जेवरात लूटने तथा महिला व उसके बच्चे के अपहरण का मामला सामने आया है। इस संबंध में सुभाष (39) पुत्र हरि सिंह जाट निवासी ढीलकी जाटान ने गोगामेड़ी पुलिस थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है। सुभाष के अनुसार उसकी पत्नी सुनीता की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और उसे समय-समय पर दौरे आते रहते हैं। 15 जनवरी को पत्नी की ओर से मायके पक्ष को तबियत की सूचना देने के बाद सुनीता के चाचा सरजीत व भाई सजन कुमार उर्फ सोनू ने फोन पर धमकियां देना शुरू कर दिया। उसी दिन अपराह्न करीब तीन बजे सरजीत, सजन कुमार उर्फ सोनू, श्यामसुंदर पुत्र चंदगी निवासी निनाण, भरपाई पत्नी सुरेन्द्र सिंह, सुमित्रा पत्नी सरजीत व वाहन चालक एक राय होकर गाड़ी से उसके घर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए उससे व परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। सुभाष के अनुसार आरोपियों ने घर से सोने-चांदी के आभूषण व 45 हजार नकद लूट लिए। इसके बाद वे उसकी पत्नी सुनीता और पुत्र उमेश को जबरन गाड़ी में डालकर अपने साथ ले गए। साथ ही दहेज के सामान को एक कमरे में बंद कर उसकी चाबी भी साथ ले गए। पुलिस ने मामले की प्रारंभिक जांच के बाद भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई महावीर प्रसाद को सौंपी गई है।
