– वार्ड 24, 27, 34 और 58 से प्रत्याशियों ने भरे नामांकन; बेनीवाल बोले-‘बड़े चेहरे नहीं, जनता के बीच रहने वाले प्रत्याशी चुनें’
हनुमानगढ़। आम आदमी पार्टी के प्रत्याशियों ने शनिवार को नगर परिषद चुनाव के लिए अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। हनुमानगढ़ नगर परिषद के वार्ड नंबर 24 से सुरेन्द्र पाल बेनीवाल, वार्ड नंबर 27 से सुषमा बेनीवाल, वार्ड नंबर 34 से सुभाष पारीक और वार्ड नंबर 58 से विजय बैंसला ने नामांकन दाखिल किया। इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र बेनीवाल ने कहा कि इस बार नगर परिषद क्षेत्र के नागरिकों के सामने बेहतर विकल्प चुनने का अवसर है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी लंबे समय से आमजन की समस्याओं को लेकर संघर्ष कर रही है और पार्टी का उद्देश्य जनहित के मुद्दों पर काम करना है। भाजपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए बेनीवाल ने आरोप लगाया कि दोनों दलों में टिकट वितरण को लेकर असमंजस की स्थिति है।

उन्होंने कहा कि कई नेता और पूर्व पार्षद कभी एक पार्टी तो कभी दूसरी पार्टी के साथ नजर आते हैं। उन्होंने दावा किया कि दोनों प्रमुख दलों को अपने प्रत्याशियों की स्थिरता और पार्टी के साथ उनके भविष्य को लेकर भरोसा नहीं है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने नगर परिषद क्षेत्र में अब तक सात प्रत्याशियों को पार्टी सिंबल जारी कर दिए हैं। उन्होंने दावा किया कि आप स्थायी और जनहित की राजनीति में विश्वास करती है। बेनीवाल ने शहरवासियों से अपील की कि वे किसी प्रत्याशी को केवल बड़े नाम, आर्थिक स्थिति या प्रभाव के आधार पर वोट न दें। मतदान से पहले यह जरूर देखें कि प्रत्याशी जनता के लिए उपलब्ध रहेगा या नहीं, समस्याओं को लेकर आवाज उठा सकेगा या नहीं और उसके पास आमजन के लिए समय है या नहीं। उन्होंने कहा कि जनता को ऐसे प्रत्याशी का चुनाव करना चाहिए जो सामान्य रूप से लोगों के बीच रहता हो, सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय हो और सुख-दुख में उनके साथ खड़ा रहता हो। उन्होंने मतदाताओं से ‘बिकाऊ नहीं, टिकाऊ’ प्रत्याशी चुनने की अपील की।
