हनुमानगढ़। शराब ठेकों के आसपास होटल, ढाबों, थड़ी आदि पर बैठकर शराब पीने की शिकायतें मिलने के बाद जिला कलक्टर की ओर से दिए गए आदेशों की पालना में हनुमानगढ़ वृत आबकारी निरीक्षक प्रिंसदीप कौर ने मंगलवार रात्रि को जंक्शन व टाउन में रेड गश्त की। इस दौरान आबकारी निरीक्षक प्रिंसदीप कौर ने होटलों व ढाबों की जांच कर संचालकों को निर्देशित किया गया कि वे ढाबे-होटल पर बैठाकर शराब का सेवन न करवाएं।

यह अवैध है। इसके अलावा शराब ठेकेदारों को भी पाबंद किया गया कि वे सिर्फ मदिरा बेच सकते हैं। वे ग्राहकों को बैठाकर शराब पिलाने की व्यवस्था नहीं कर सकते। यह आबकारी एक्ट में अपराध की श्रेणी में आता है। भविष्य में अगर शिकायत पाई जाती है तो उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जिला आबकारी अधिकारी संजीव पटावरी ने बताया कि जिला कलक्टर की ओर से गत दिनों आयोजित बैठक में बताया गया कि शराब ठेकों के आसपास होटल, ढाबों व थड़ी आदि पर व्यक्तियों को बैठाकर शराब पीने की शिकायतें प्राप्त हो रही हैं।

वर्तमान में धुंध की अधिकता के कारण शराब पीकर वाहन चलाने से दुर्घटना की अधिक संभावना रहती है। इस शिकायत के संबंध में जिला कलक्टर के आदेशानुसार सभी आबकारी निरीक्षकों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने वृत क्षेत्र में रेड गश्त कर शराब ठेकों के आगे-पीछे या आसपास बैठाकर शराब पिलाने की व्यवस्था पाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही करें।
