हनुमानगढ़। जीडीसी सेमनाला 149 आरडी पर प्रस्तावित साइफन का विरोध तेज हो गया है। साइफन निर्माण से प्रभावित होने वाले पीलीबंगा-रावतसर तहसील क्षेत्र के गांवों के सेम पीड़ित किसान बुधवार को जिला कलक्ट्रेट में जुटे और विरोध-प्रदर्शन किया। उन्होंने चेतावनी दी कि वे किसी भी हालात में साइफन का निर्माण नहीं होने देंगे। चाहे इसके लिए आंदोलन को उग्र ही क्यों न करना पड़े।

इस दौरान एसडीएम मांगीलाल सुथार के अलावा कानून व्यवस्था बनाए रखने के मद्देनजर जंक्शन थाना प्रभारी रामचन्द्र कस्वां के नेतृत्व में पुलिस जाप्ता तैनात रहा। इस दौरान किसान प्रतिनिधियों ने कहा कि जीडीसी सेमनाला 149 आरडी पर साइफन बनाया जाना प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि अगर साइफन बन गया तो जीडीसी 149 आरडी के पूर्व दिशा का सेम का पानी पश्चिम दिशा में बने सेमनाले में भारी मात्रा में आएगा।

यह सेमनाला भैरूसरी से लेकर बड़ोपल तक बना हुआ है। बड़ोपल में सेमनाले का पानी उठाने के लिए पम्प लगे हुए हैं जो ज्यादातर समय खराब रहते हैं। बार-बार पाइप लाइन लीकेज होती है। इस कारण सेमनाला के पानी का सही ढंग से उठाव नहीं होता। अगर वर्तमान में प्रस्तावित साइफन बनता है तो आगे का सेमनाला ओवरफ्लो होने का खतरा रहेगा। इससे भैरूसरी, बगड़ियांवाला, धोरेवाला चक, सुथारां वाला चक, गांव जाखड़ांवाली, चक 13 एसपीडी, चक 15 जेडडब्ल्यूडी, 18 एसपीडी, चक लबाना, चक 1 एलबीएम, 19 एसपीडी, झुरियांवाला, बड़ोपल, ठाकरुवाला, मानकथेड़ी सहित अन्य चकों और गांवों के हजारों किसानो की जमीनों में पानी भर जाएगा व किसान बर्बाद हो जाएंगे।

सेम पीड़ित किसानों ने चेतावनी दी कि वे यह साइफन किसी भी हालात में नहीं बनाने देंगे। अगर इसे रोका न गया तो टकराव की स्थिति बन जाएगी। टकराव में होने वाली जनहानि का जिम्मेवार प्रशासन होगा। किसानों ने मांग दोहराई कि इस साइफन को बनने से रोकने के लिए तत्काल आवश्यक कार्यवाही की जाए। किसानों ने मांग के संबंध में जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव को ज्ञापन भी सौंपा।

इस मौके पर पृथ्वी खीचड़, संदीप मूंड, जगदीश भादू, पवन कालीरावण, ओम जाट, राकेश भादू, संजय गोदारा, शंकर धेतरवाल, रामजीलाल कुलड़िया, मूलाराम डारा, नन्दलाल भादू, मनफूल स्वामी, महावीर थालोड़, लीलाधर नाथ, विजय सहारण, त्रिभुवन शर्मा, सुभाष ढाका सहित कई अन्य किसान मौजूद रहे।
