हनुमानगढ़। जंक्शन के मुख्य बाजार में रेलवे स्टेशन रोड पर यातायात व्यवस्था का बुरा हाल है। खासकर शाम के समय हालात और बिगड़ जाते हैं और जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। इसका सबसे बड़ा कारण पार्किंग व्यवस्था का अभाव है। पार्किंग की उचित व्यवस्था न होने से वाहन दुकानों के आगे व सड़क पर खड़े रहते हैं। इससे आवागमन में बाधा उत्पन्न होती है। ग्राहकी पर भी असर पड़ रहा है।

हालांकि रेलवे बाउंड्री में पार्किंग की व्यवस्था है लेकिन लोग वहां वाहन खड़े करने से कतराते हैं। वाहन चालकों की ओर से शहर के बीच में पार्किंग व्यवस्था की मांग की जा रही है। शहीद भगतसिंह चौक के नजदीक के दुकानदार अरुण कुमार ने बताया कि जंक्शन के मुख्य बाजार में ट्रैफिक की बहुत बड़ी समस्या है। पार्किंग की उचित व्यवस्था नहीं है। इस वजह से वाहन चालक जहां मन में आया वहां गाड़ी खड़ी कर चला जाता है।

कई बार नो पार्किंग एरिया में सुबह से शाम तक वाहन खड़े रहते हैं। पहले पार्किंग के लिए चिह्नित की गई जगह पर पार्किंग नहीं बनाने दी गई। अब नगर परिषद ने वह जगह भी बेच दी और पैस जेबे में डाल लिए। लेकिन जनता की सुविधा के लिए कुछ नहीं किया। पुराने ढर्रे पर ट्रैफिक व्यवस्था चल रही है। ट्रैफिक पुलिस कर्मी भी नजर नहीं आते जबकि त्योहार है। ट्रैफिक व्यवस्था बदहाल होने से दुकानदारी भी प्रभावित हो रही है।

दुकानदार मनीष ने बताया कि त्योहारी सीजन की वजह से बाजार में अधिक भीड़ रहती है। रेलवे स्टेशन रोड पर लगने वाली रेहड़ियों व सड़क किनारे बैठकर कपड़े बेचने वालों की वजह से और अधिक अव्यवस्था हो रही है। लेकिन प्रशासन की ओर से इस तरफ ध्यान नहीं दिया जा रहा। इसका सीधा-सीधा असर ग्राहकी पर पड़ रहा है। जबकि रेहड़ी व फुटपाथ पर कपड़े बेचने वालों के लिए अलग से स्थान दिया जाए।

उन्होंने बताया कि सबसे बड़ी समस्या पार्किंग व्यवस्था न होना है। इस वजह से ग्राहक बाजार में आने से कतराते हैं। यातायात पुलिस कर्मी भी अपने पॉइंट पर नजर नहीं आते। वे मात्र शाम को दो घंटे ड्यूटी करते नजर आते हैं। दिन में वे नहीं मिलते। हर आधे घंटे बाद जाम की स्थिति पैदा हो रही है। अव्यवस्था देखकर नहीं लगता कि यह जिला मुख्यालय का बाजार है। जबकि त्योहार पर ट्रैफिक को सुचारू रखने के लिए पुलिस प्रशासन को विशेष व्यवस्था करनी चाहिए।

उन्होंने मांग की कि प्रशासन को इस तरफ ध्यान देना चाहिए। रेलवे बाउंड्री में पार्किंग का जिम्मा संभाल रहे कमल कुमार ने बताया कि पार्किंग एरिया दिनभर खाली पड़ा रहता है जबकि मुख्य बाजार में नो पार्किंग एरिया में गाड़ियां खड़ी रहती हैं। यातायात पुलिस की ओर से भी इस तरफ ध्यान नहीं दिया जा रहा। पार्किंग खाली रहने से उन्हें भी नुकसान हो रहा है। कोई भी वाहन चालक अपना वाहन रेलवे पार्किंग में खड़ा कर सकता है।
