उज्जैन। पप्पू यादव दो दिवसीय प्रवास पर उज्जैन पहुंचे, जहां उन्होंने महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती में शामिल होकर दर्शन किए। इसके बाद उन्होंने नलखेड़ा स्थित मां बगलामुखी मंदिर सहित अन्य मंदिरों में पूजा-अर्चना की। दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में पप्पू यादव ने पश्चिम बंगाल चुनाव नतीजों को लेकर विवादित बयान देते हुए आरोप लगाया कि BJP चुनाव “जीती नहीं, बल्कि जिताई गई है।” उन्होंने कहा कि करीब 100 सीटों पर गड़बड़ी कर जीत हासिल की गई और चुनाव प्रक्रिया में केंद्रीय एजेंसियों—ईडी, सीबीआई और एनआईए—का दुरुपयोग हुआ। यादव ने मतदान प्रतिशत पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि “90% से अधिक वोटिंग कैसे संभव है?” उन्होंने पूरे मामले की जांच की मांग करते हुए सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में मतगणना कराने और सीसीटीवी फुटेज की जांच की बात कही। उन्होंने आरोप लगाया कि कई जगह सीसीटीवी बंद कर दिए गए और विपक्षी कार्यकर्ताओं पर हमले हुए। उन्होंने कहा कि देश में बढ़ती नफरत के माहौल को खत्म कर मोहब्बत और इंसानियत का रास्ता अपनाने की जरूरत है। साथ ही उन्होंने विपक्षी दलों से 2027 और 2029 के चुनाव एकजुट होकर लड़ने की अपील की। पप्पू यादव ने कहा कि छोटी पार्टियों को कांग्रेस से अलग होकर चुनाव नहीं लड़ना चाहिए, बल्कि साझा रणनीति के तहत एकजुटता दिखानी चाहिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बीजेपी ने कई क्षेत्रीय नेताओं और दलों को कमजोर किया है, जिससे विपक्ष को अपनी रणनीति पर पुनर्विचार करना होगा। अंत में उन्होंने कहा कि राजनीति में सेवा और संघर्ष की भावना बनाए रखना जरूरी है और देशहित में एकजुटता ही आगे का रास्ता है।
