हनुमानगढ़। जंक्शन स्थित शहर के हृदयस्थल शहीद भगत सिंह चौक के पास स्थित करीब 70 वर्ष पुराने जर्जर कुएं को आखिरकार मिट्टी से भरने का कार्य शुरू हो गया है। पिछले वर्ष मानसून के दौरान अगस्त में कुएं के आसपास की जमीन धंसने के बाद यहां हादसे की आशंका बढ़ गई थी। अब प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद इस प्राचीन कुएं को भरकर समतल किया जा रहा है। कार्य पूरा होने के बाद यह वर्षांे पुराना कुआं इतिहास का हिस्सा बन जाएगा। इस कार्य के पीछे सामाजिक कार्यकर्ता सुशील की लगातार की गई पहल अहम रही। बहल ने 4 अगस्त 2025 को जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के सहायक अभियंता सहित विभागीय अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर जर्जर कुएं को बंद करवाने और मिट्टी से भरने की मांग की थी। उस समय प्रशासनिक स्वीकृति नहीं मिलने के कारण मामला लंबित रह गया। इसके बाद भी उन्होंने प्रयास जारी रखते हुए 25 मार्च 2026 को अतिरिक्त जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर दोबारा मांग उठाई कि जर्जर कुएं को शीघ्र मिट्टी से भरकर समतल किया जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की जनहानि या बड़ा हादसा न हो। ज्ञात रहे कि यह कुआं कभी जंक्शन शहर के कई क्षेत्रों की पेयजल आपूर्ति का प्रमुख स्रोत था। वर्तमान में इसके पास स्थापित सबमर्सिबल पंप से जलापूर्ति की जा रही है, जबकि वर्षांे से अनुपयोगी पड़ा यह कुआं जर्जर अवस्था में पहुंच चुका था। पिछले वर्ष कुएं के आसपास मिट्टी धंसने की घटना के बाद आसपास के दुकानदारों और नागरिकों में भय का माहौल बन गया था तथा किसी भी समय बड़े हादसे की आशंका जताई जा रही थी। लगातार उठाई गई मांगों और प्रशासनिक स्वीकृति के बाद अब कुएं को मिट्टी से भरने का कार्य शुरू हो चुका है। इससे न केवल संभावित दुर्घटना का खतरा समाप्त होगा, बल्कि स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों को भी राहत मिलेगी। जल्द ही शहर के बीचों-बीच स्थित यह 70 वर्ष पुराना प्राचीन कुआं हमेशा के लिए नजरों से ओझल हो जाएगा।
