संगरिया। कम्युनिटी हेल्थ सेंटर (सीएचसी) संगरिया द्वारा 24 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाले एचपीवी मेगा टीकाकरण कैंपेन को लेकर जागरूकता अभियान तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में स्वामी केशवानंद मेमोरियल पब्लिक स्कूल में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में डॉक्टर विनोद कुमार ने छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर के खतरे, इसके लक्षणों तथा बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा चलाया जा रहा एचपीवी टीकाकरण अभियान किशोरियों को भविष्य में होने वाले गर्भाशय (बच्चेदानी) के कैंसर से सुरक्षा प्रदान करता है। स्कूल प्राचार्य एस.के. मुरारी ने बताया कि केशव रंगशाला में आयोजित इस सत्र में छात्राओं को बताया गया कि 14 से सवा 15 वर्ष तक की बालिकाओं के लिए यह टीकाकरण बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि ‘गार्डासिल-4’ नामक टीका कई देशों में लंबे समय से उपयोग में लिया जा रहा है और यह पूर्णतः सुरक्षित है। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने विभिन्न सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया। डॉक्टर विनोद कुमार ने बताया कि यह अभियान हनुमानगढ़ के सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा के निर्देशन में संचालित किया जा रहा है। प्राचार्य ने आगे जानकारी दी कि संगरिया बीसीएमओ डॉ. रवि खीचड़ के सुपरविजन तथा कैंप इंचार्ज डॉ. अरविंद शर्मा एवं डॉ. विनोद कुमार के मार्गदर्शन में 24 अप्रैल 2026 को संगरिया स्वास्थ्य केंद्र पर एचपीवी टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि टीकाकरण के लिए छात्राओं को आयु प्रमाण पत्र तथा रजिस्ट्रेशन हेतु आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा।
