-केआर स्कूल के एनएसएस शिविर में सेवा, अनुशासन और जागरूकता पर जोर
संगरिया। केआर आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर के अंतर्गत विभिन्न शैक्षिक, सामाजिक और रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन निरंतर जारी है। शिविर के पांचवें दिन की शुरुआत विद्यालय के प्रधानाचार्य संदीप गोदारा द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। इसके बाद स्वयंसेवकों ने सामूहिक रूप से मां सरस्वती की वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर संस्था सचिव राजेश गोदारा, उपप्रधानाचार्य गुरमीत कौर तथा अनमोल गोदारा ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए सेवा, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से समाचार पत्र पढ़ने, पुस्तकों से ज्ञान अर्जित करने तथा मोबाइल फोन का उपयोग केवल आवश्यकता के अनुसार करने की सलाह दी, ताकि उनका ध्यान अध्ययन और सकारात्मक गतिविधियों की ओर केंद्रित रहे। प्रार्थना सभा के उपरांत स्वयंसेवकों ने श्रमदान गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया और परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने में योगदान दिया। इसके साथ ही अनमोल गोदारा ने स्वयंसेवकों को साइबर सुरक्षा और साइबर फ्रॉड से बचाव के महत्वपूर्ण उपायों की जानकारी दी। उन्होंने एटीएम विजिट, बैंक विजिट, यूपीआई ट्रांजेक्शन, बैंकिंग प्रक्रियाओं से संबंधित विभिन्न फॉर्म और चेक भरने की विधि के बारे में विस्तार से समझाया। साथ ही उन्होंने फोनपे और एसबीआई डिजिटल एप के सुरक्षित उपयोग के बारे में जानकारी देते हुए ऑनलाइन लेनदेन करते समय सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि से दूर रहने की सलाह दी। उपप्रधानाचार्य गुरमीत कौर ने स्वयंसेवकों को अनुपयोगी सामग्री से सजावटी वस्तुएं बनाने का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि दैनिक जीवन में बेकार समझी जाने वाली वस्तुओं का रचनात्मक उपयोग कर आकर्षक और उपयोगी सजावटी सामग्री तैयार की जा सकती है। इस प्रशिक्षण के माध्यम से स्वयंसेवकों में सृजनात्मकता, नवाचार और आत्मनिर्भरता की भावना को बढ़ावा मिला। इसी क्रम में प्रवीण पुरी ने आपदा प्रबंधन विषय पर महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। उन्होंने विशेष रूप से मधुमक्खियों के हमले की स्थिति में अपनाए जाने वाले बचाव उपायों तथा घर में गैस सिलेंडर के सुरक्षित उपयोग के बारे में विस्तारपूर्वक बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को आपातकालीन परिस्थितियों में सतर्क और जागरूक रहने की सीख दी। दिवस के मध्य में सभी स्वयंसेवकों ने सामूहिक रूप से नाश्ता और भोजन ग्रहण किया, जिससे आपसी सहयोग, भाईचारे और सामूहिकता की भावना को बल मिला। शिविर के अंत में स्वयंसेवकों ने दिनभर की गतिविधियों का डायरी लेखन किया, जिसमें उन्होंने अपने अनुभवों और सीखी गई बातों को विस्तार से दर्ज किया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार के सदस्य एवं स्टाफ जगतार सिंह खोसा, विनोद सिंवल, दलीप कुमार, मनोज शर्मा, विकास कासनिया, मनदीप सिंह, अनुराधा, मीनाक्षी भोबिया, शिशुपाल शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
संवाददाता- कपिल करवा
