हनुमानगढ़। भारतीय किसान संघ जोधपुर प्रांत की जिला स्तरीय मासिक बैठक सोमवार को जंक्शन स्थित धानमंडी के किसान भवन में आयोजित की गई। बैठक में भारतीय किसान संघ की अखिल भारतीय उपाध्यक्ष सुशीला बिश्नोई विशेष रूप से मौजूद रहीं। कार्यक्रम में जिलेभर से आए किसान प्रतिनिधियों ने हिस्सा लेकर विभिन्न कृषि और क्षेत्रीय समस्याओं पर चर्चा की। बैठक में संगठन की रीति-नीति, कार्य पद्धति, किसानों के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान, फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद तथा किसानों के हितों से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।

किसान प्रतिनिधियों ने फसलों की समय पर तुलाई नहीं होने, सिंचाई के लिए नहरों में पर्याप्त पानी की कमी तथा अन्य स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। अखिल भारतीय उपाध्यक्ष सुशीला बिश्नोई ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय किसान संघ तीन प्रकार के कार्यां संगठनात्मक, रचनात्मक और आंदोलनात्मक के माध्यम से किसानों के हितों के लिए कार्य करता है।

उन्होंने बताया कि किसानों के उत्थान के लिए पहले रचनात्मक प्रयास किए जाते हैं, लेकिन यदि समस्याओं का समाधान शांतिपूर्ण संवाद से नहीं होता तो संगठन सामूहिक रूप से आंदोलन का रास्ता अपनाने से भी पीछे नहीं हटता। उन्होंने कहा कि भारतीय किसान संघ एक राष्ट्रवादी और गैर-राजनीतिक संगठन है, जो किसानों का, किसानों की ओर से और किसानों के लिए कार्य करता है।

संगठन का उद्देश्य केवल किसानों का विकास और उनके हितों की रक्षा करना है। बैठक में सामने आई समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित स्तर पर प्रयास किए जाएंगे। आवश्यकता पड़ने पर शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन भी किया जाएगा। बैठक का समापन किसानों की एकजुटता और कृषि हितों की रक्षा के संकल्प के साथ हुआ।
