हनुमानगढ़। वैश्विक हालातों के बीच रसोई गैस (एलपीजी) की बुकिंग नहीं होने की समस्या ने पिछले तीन-चार दिनों से उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ा दी है। बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की बुकिंग कराने में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। बुकिंग नहीं होने के कारण शहर की गैस एजेंसियों के वितरण केन्द्रों और गोदामों के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग रही हैं, लेकिन वहां भी उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। गैस एजेंसी कर्मचारियों का कहना है कि सर्वर डाउन होने के कारण यह समस्या आ रही है और इसका समाधान उनके पास भी नहीं है। साथ ही उपभोक्ताओं से कहा जा रहा है कि वे घबराएं नहीं, एलपीजी और सीएनजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। इसके बावजूद उपभोक्ताओं में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है। शुक्रवार को कई उपभोक्ता जंक्शन स्थित हनुमानगढ़ गैस एजेंसी के वितरण केन्द्र पहुंचे और बुकिंग नहीं होने की समस्या से अवगत कराया। जंक्शन के नई खुंजा निवासी उपभोक्ता सतपाल दामड़ी ने बताया कि एलपीजी गैस सिलेंडर के लिए बुकिंग नहीं हो रही है। जब उन्होंने इस बारे में इंडेन गैस सिलेंडर की सप्लाई देने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक और कर्मचारियों से बात की तो उन्होंने गैस एजेंसी में जाने की सलाह दी। दामड़ी ने बताया कि जब वे गैस एजेंसी कार्यालय पहुंचे तो वहां मौजूद कर्मचारियों ने भी यह कहकर असमर्थता जता दी कि उनके पास इस समस्या का कोई समाधान नहीं है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार लगातार यह दावा कर रही है कि एलपीजी सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है, लेकिन इसके बावजूद बुकिंग नहीं हो पा रही है। उन्होंने बताया कि पहले मोबाइल फोन के माध्यम से आसानी से बुकिंग हो जाती थी और ओटीपी बताने के बाद गैस सिलेंडर की डिलीवरी मिल जाती थी। लेकिन अब उपभोक्ताओं को बुकिंग के लिए गैस एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। बुकिंग नहीं होने के कारण सिलेंडर भी नहीं मिल रहे। उपभोक्ता सतपाल दामड़ी ने बताया कि सरकार ने गैस सिलेंडर बुकिंग का नियम बदलकर 25 दिन कर दिया है, लेकिन पिछला सिलेंडर लेने के 30 दिन बाद भी बुकिंग नहीं हो रही है। इससे उपभोक्ताओं को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और गैस एजेंसी संचालकों से इस समस्या के समाधान के लिए उचित कदम उठाने की मांग की है।
