हनुमानगढ़। रसोई गैस सिलेंडर की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला कांग्रेस कमेटी के बैनर तले जिला कलक्ट्रेट में विरोध प्रदर्शन किया। डीसीसी अध्यक्ष मनीष मक्कासर के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता खाली एलपीजी सिलेंडर हाथों में लेकर कलक्ट्रेट पहुंचे और नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों ने उन्हें परिसर में प्रवेश करने से रोकने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट परिसर के अंदर तक पहुंच गए। प्रदर्शन के दौरान ‘नरेंद्र भी गायब, सिलेंडर भी गायब’ और ‘नरेंद्र हुए सरेंडर’ जैसे नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।

कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार गैस की उपलब्धता को लेकर लगातार दावे कर रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर के लिए भटकना पड़ रहा है। प्रदर्शन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर सिलेंडर को माला पहनाकर प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने लकड़ी जलाकर चूल्हे पर रोटियां सेंकीं। इसके माध्यम से उन्होंने प्रतीकात्मक रूप से यह संदेश देने की कोशिश की कि यदि गैस सिलेंडर की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो लोगों को फिर से पारंपरिक चूल्हे-चौके का सहारा लेना पड़ सकता है। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि केन्द्र सरकार की नीतियों के कारण आम आदमी का जीवन कठिन होता जा रहा है। पहले गैस सिलेंडरों के दाम लगातार बढ़ाए गए और अब सिलेंडर की उपलब्धता भी अनिश्चित हो गई है। इससे आम उपभोक्ताओं के साथ-साथ छोटे व्यवसायियों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि शहर के कई रेस्टोरेंट संचालक, ढाबा संचालक, चाय-नाश्ते की दुकानें और फास्टफूड विक्रेता सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं, क्योंकि उनका पूरा कारोबार गैस सिलेंडर पर निर्भर है। गैस की नियमित आपूर्ति नहीं होने से उनके कामकाज पर सीधा असर पड़ रहा है और आर्थिक नुकसान की स्थिति बन रही है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से इस समस्या के समाधान के लिए तुरंत कदम उठाने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि गैस आपूर्ति और बुकिंग की व्यवस्था जल्द सुचारू नहीं की गई तो कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को लेकर आगे भी आंदोलन जारी रखेगी।

इस दौरान पूर्व विधायक सुरेश चौधरी, पूर्व प्रधान सोहन ढिल, पूर्व सरपंच इंद्रजीत शर्मा, देवीलाल मटोरिया, शाहरुख, आमिर खान, संजय मेघवाल, प्रेमराज नायक, गुरमीत चन्दड़ा, इस्माइल खान, इन्द्रजीत शर्मा, राज चौधरी, जयराम ढूकिया, सुखपाल सिंह, लोकेन्द्र भाटी, सुभाष घोटिया, राकेश चिलाना, मनमोहन सोनी, आरिफ खान, सुरेन्द्र मारवाल, सीताराम कड़वा, सुलोचना बावरी, विजय गोंद, जावेद टाक, कृतिका चौधरी, राजेश्वरी, शेर सिंह, डॉ. अजय ढिल, सुधीर गोदारा, विजय अमलानी, बंशीलाल, मोहनलाल इंदलिया, संजीव भादू, यश चिलाना, जयवीर बाना, मामराज पड़िहार, सोहनलाल लदोइया, गुलाब बराड़, रामस्वरूप, गुरप्रीत मान, रामचन्द्र चौधरी, खेताराम, अनूप चौधरी, ओमप्रकाश सैनी, बलवंत होठला, इशाक चायनाण, विजय गोस्वामी, राजेश कस्वां, सुरेन्द्र खटीक, जगसीर सिंह, विकास सैनी, विजय टाक, यादवेन्द्र शर्मा, शिवभगवान रैगर, रामनिवास वर्मा, आकाश चिलाना इत्यादि मौजूद रहे।
