संगरिया। स्थानीय ग्रामोत्थान विद्यापीठ द्वारा संचालित स्वामी केशवानंद मेमोरियल पब्लिक स्कूल में दसवीं सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों एवं उनके अभिभावकों को केशव रंगशाला सभागार में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी केशवानंद एवं सरस्वती माता के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय के प्राचार्य शाह कृष्ण मुरारी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस सत्र में कुल 72 विद्यार्थियों में से 30 विद्यार्थियों (42%) ने 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर डिस्टिंक्शन हासिल किया, जो विद्यालय के लिए गौरव की बात है। परीक्षा परिणाम में लक्षिका चौधरी ने 96.2% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। रौनक (93.2%) दूसरे, जसतेज सिंह (92.4%) तीसरे, सीरत (90.2%) चौथे, प्रिंस (90%) पांचवें, नुवेशिका (89.2%) छठे तथा टीकशन गुप्ता (88%) ने आठवां स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ग्रामोत्थान विद्यापीठ के सचिव सुखराज सिंह सलवारा ने मेधावी छात्रों को मोमेंटो एवं मेडल प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। अपने संबोधन में उन्होंने छात्रों और अभिभावकों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को अपनी रुचि के अनुसार विषय चुनकर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। स्कूल टॉपर लक्षिका चौधरी ने अपने संबोधन में विद्यालय के शैक्षणिक माहौल एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों की सराहना करते हुए अपनी सफलता का श्रेय शिक्षकों एवं अभिभावकों को दिया। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए प्राचार्य ने वरिष्ठ शिक्षक आस मोहम्मद खान, सरिता झा एवं रूप सिंह का आभार व्यक्त किया। अंत में संगीत क्लब के विद्यार्थियों ने ‘हम होंगे कामयाब’ गीत की संगीतमय प्रस्तुति देकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
