ऐलनाबाद। एसपी दीपक सहारण ने सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत वाहन चालकों एवं आमजन को ट्रैफिक नियमों के बारे में जागरुक करने के लिए विशेष एडवाजरी जारी की । उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि तेज गति से वाहन चलाकर यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें । पुलिस एडवाजरी में बताया गया है कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन या नशे का इस्तेमाल न करें क्योंकि ऐसा करने से आप दुर्घटना के शिकार हो सकते हो। पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा है कि तेज गति से वाहन न चलाएं,क्योंकि तेज गति से वाहन चलाने से दुर्घटनाओं का खतरा अक्सर कई गुना बढ़ जाता है । दुपहिया वाहनों से होने वाली दुर्घटनाओं पर भी विशेष रूप से बोले और कहा कि सबसे ज्यादा दुर्घटनाएं दुपहिया वाहनों से हो रही हैं। इसलिए सभी दुपहिया वाहन चालकों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि वे निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं और दुर्घटनाओं से बचें। पुलिस एडवाजरी में बताया गया है कि वाहन चालक ट्रैफिक नियमों की पालना मन से करें न की पुलिस के डर से। उन्होंने कहा कि दुपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट का प्रयोग करें इसके अलावा चौपहिया वाहन चालक भी सीट बेल्ट बांधकर ही वाहन चलाएं। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक पुलिस का सहयोग करना हर नागरिक का नैतिक कर्तव्य है,ताकि सड़क दुर्घटनाओं और हादसों को रोका जा सके। सड़क सुरक्षा और नियमों का पालन कर हम न केवल अपनी सुरक्षा सुनिश्चित कर सकते हैं, बल्कि दूसरों को भी सुरक्षित रख सकते हैं। एसपी दीपक सहारण ने कहा कि वाहन चलाते समय अचानक लाइन बदलने से भी दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है, इसलिए वाहन चालकों को इस मामले में अतिरिक्त सावधानी व सतर्कता बरतनी चाहिए। वाहन चालक सड़क सुरक्षा नियमों की पालना करें, तो सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है “हमें यातायात नियमों का पालन दिल से करना चाहिए, न कि सिर्फ पुलिस के डर से। यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम ट्रैफिक नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। ट्रैफिक नियमों की पालन कर किसी के अनमोल जीवन को बचाया जा सकता है। एसपी दीपक सहारण का संदेश कि हेलमेट और सीट बेल्ट केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी सुरक्षा के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। एसपी दीपक सहारण ने कहा कि स्कूल प्रबंधन व अभिभावकों का भी फर्ज बनता है कि स्कूली बच्चों को ट्रैफिक नियमों की शिक्षा दें ताकि की वे भविष्य में एक अच्छे नागरिक बन सकें। जब बच्चों को बचपन से ही ट्रैफिक नियमों का पालन करना सिखाया जाएगा,तो अवश्य ही वे बड़े होकर इन आदतों को अपनाते हैं । उन्होंने स्कूल प्रबंधन से भी अनुरोध करते हुए कहा कि स्कूलों में ट्रैफिक नियमों के संबंध में पाठशाला का आयोजन कर बच्चों को सड़क सुरक्षा के बारे में विस्तार से जानकारी देने चाहिए ताकि वे अच्छे और सच्चे नागरिक बन सकें। पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया है कि यदि कोई वाहन चालक अपने वाहनों के आगे पीछे रिफ्लेक्टर टेप लगाए बिना वाहन चलाता हुआ पाया जाता है,तो उसके खिलाफ ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने के मामले में सख्त कार्रवाई करें, ताकि भविष्य में कोई भी वाहन चालक नियमों की अनदेखी करने की चेष्टा न करें। इस संबध में पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने वाहन चालकों को धुंध के दौरान सड़क हादसों को लेकर पूरी तरह आगाह करते हुए कहा है कि मौसम में बदलाव के चलते अक्सर सड़क हादसे हो जाते है। अगर वाहन चालक थोड़ी सी भी सावधानी बरतें तो कोहरे में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है । वाहन चालक धुंध में रिफ्लेक्टर टेप अवश्य लगाएं ताकि सड़क दुर्घटना से बचा जा सकें।
