ऐलनाबाद। सीआरडीएवी गर्ल्स कॉलेज और सीआरडीएवी गर्ल्स कॉलेज ऑफ एजुकेशन के संयुक्त तत्वावधान में संत शिरोमणी गुरु रविदास की 649 वी जयंती के पावन अवसर पर एक भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। यह रैली कॉलेज के प्राचार्य डॉ. भूषण मोंगा और एजुकेशन कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रणजीत सिंह के कुशल दिशा-निर्देशों में निकाली गई। इस रैली का आयोजन महानिदेशक उच्चतर शिक्षा विभाग हरियाणा के उन दिशा-निर्देशों के तहत किया गया, जिसके अंतर्गत कॉलेजों को नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने हेतु प्रतिमाह एक गतिविधि आयोजित करना अनिवार्य है। रैली का मुख्य उद्देश्य सामुदायिक स्तर पर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करना था। कार्यक्रम का सफल संचालन एंटी-ड्रग विभाग के इंचार्ज असिस्टेंट प्रोफेसर अर्जुन सिंह, एन एस एस यूनिट की प्रोग्राम ऑफिसर दीपिका रानी और एजुकेशन कॉलेज की वूमेन सेल की इंचार्ज रेणु बाला द्वारा किया गया। रैली के दौरान छात्राओं ने हाथों में नशा विरोधी स्लोगन और पोस्टर लेकर समाज को जागरूक किया। इस अवसर पर डॉ. भूषण मोंगा और डॉ. रंजीत सिंह ने गुरु रविदास जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु जी ने हमेशा एक ऐसे समाज की कल्पना की थी जो बुराइयों से मुक्त और प्रेम पर आधारित हो। उन्होंने छात्राओं को गुरु रविदास जी के आदर्शों को अपनाते हुए नशे जैसी सामाजिक बुराई को जड़ से मिटाने का संकल्प दिलाया। इस अवसर पर कॉलेज के कार्यकारी निदेशक डॉ. करुण मेहता और प्रबंधन समिति की सदस्य डॉली मेहता ,असिस्टेंट प्रोफेसर अनंत कथूरिया, दीपशिखा, इन्दु बाला, कुसुम, शैफी, किरणदीप कौर, सिमरन कौर पूजा व अन्य स्टाफ सदस्यों ने जागरूकता अभियान में अपना योगदान दिया
