हनुमानगढ़। पुलिस अधीक्षक हरी शंकर ने शनिवार को पुलिस कार्यालय के सभागार में क्राइम मीटिंग आयोजित कर लंबित प्रकरणों की समीक्षा की तथा अपराध नियंत्रण को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मीटिंग में जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों, वृत्त अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों ने हिस्सा लिया। एसपी ने हत्या, लूट, चोरी, साइबर अपराध, महिला अत्याचार एवं मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े मामलों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि वांछित अपराधियों की धरपकड़ तेज की जाए, हिस्ट्रीशीटरों की नियमित निगरानी रखी जाए तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साइबर अपराधों के मामलों में त्वरित अनुसंधान और पीड़ितों को शीघ्र राहत दिलाने पर विशेष जोर दिया गया। एसपी ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही आमजन की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश भी दिए गए। मीटिंग के अंत में उन्होंने सभी अधिकारियों को टीम भावना से कार्य करते हुए अपराध नियंत्रण में बेहतर परिणाम देने का आह्वान किया। मीटिंग में एएसपी अरविन्द बिश्नोई, सीओ सिटी मीनाक्षी चौधरी, सीओ करण सिंह बराड़, अपराध सहायक सुभाष कच्छावा सहित अन्य अधिकारी व थाना प्रभारी मौजूद रहे।
