हनुमानगढ़। जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने सोमवार को पुलिस थाना गोलूवाला एवं पुलिस थाना सदर हनुमानगढ़ का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया। निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना स्टाफ के साथ बैठक कर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था, अपराधों की स्थिति तथा पुलिस कार्य में आने वाली चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की। निरीक्षण के दौरान एसपी ने एचएम कार्यालय, मालखाना, हवालात, रिकॉर्ड रूम सहित थाना परिसर के विभिन्न अनुभागों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से कार्यप्रणाली की जानकारी ली।

उन्होंने पुलिस मुख्यालय के दिशा-निर्देशों एवं योजनाओं की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने, लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने तथा अपराध नियंत्रण के लिए निरंतर अभियान चलाने के निर्देश दिए। एसपी बी. आदित्य ने विशेष रूप से नशा तस्करों, गैंगस्टरों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर और प्रभावी कार्रवाई करने पर जोर देते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहनी चाहिए। उन्होंने आमजन की शिकायतों का संवेदनशीलता और तत्परता से समाधान करने, पारदर्शी एवं जवाबदेह पुलिसिंग को बढ़ावा देने तथा टीम भावना के साथ कार्य कर कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर वृताधिकारी (सीओ) सिटी हनुमानगढ़ मीनाक्षी, थानााधिकारी गोलूवाला रजनदीप कौर, थानााधिकारी सदर हनुमानगढ़ राजीव रॉयल सहित संबंधित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
