हनुमानगढ़। पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं भाजपा किसान मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष कैलाश चौधरी सोमवार को हनुमानगढ़ दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने जंक्शन स्थित भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित भाजपा किसान मोर्चा राजस्थान की जिला कार्यकर्ता बैठक में भाग लिया तथा किसानों और कार्यकर्ताओं से संवाद किया। बैठक में किसानों से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठे। गेहूं खरीद व्यवस्था, बोनस, भुगतान, कृषि सुविधाओं और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने को लेकर चर्चा हुई। साथ ही किसानों के जीवन स्तर में सुधार, आत्मनिर्भर भारत और प्रधानमंत्री के विजन को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू, भादरा विधायक संजीव बेनीवाल, पूर्व विधायक गुरदीप सिंह शाहपीनी, दमयंती बेनीवाल, भाजपा नेता अमित सहू, पूर्व जिलाध्यक्ष काशीराम गोदारा, बलवीर बिश्नोई, देवेन्द्र पारीक तथा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. भारतभूषण शर्मा मंचासीन रहे। बैठक को संबोधित करते हुए कैलाश चौधरी ने कहा कि जब तक किसान केवल फसल उत्पादन कर उसे व्यापारी को बेचता रहेगा, तब तक उसे उसकी उपज का पूरा मूल्य नहीं मिल पाएगा। उन्होंने कहा कि किसान मोर्चा का उद्देश्य किसानों को ऐसी दिशा में आगे बढ़ाना है, जहां वे अपनी उपज की वैल्यू एडिशन, प्रोसेसिंग, ग्रेडिंग, पैकिंग और मार्केटिंग स्वयं करें, ताकि उन्हें फसल का बेहतर दाम मिल सके। उन्होंने कहा कि किसान मोर्चा कार्यकर्ताओं ने इस दिशा में काम करने का संकल्प लिया है। साथ ही किसानों को ऑर्गेनिक और नेचुरल खेती की ओर प्रेरित करने पर भी जोर दिया जाएगा।

इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष बलवीर बिश्नोई ने किसानों की समस्याओं को उठाते हुए कहा कि पिछले तीन वर्षांे से किसानों को गेहूं बोनस मिल रहा है, लेकिन इस बार सरकारी खरीद में कई अड़चनें सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि समय पर खरीद नहीं होने से बोनस का लाभ प्रभावित हो रहा है तथा जिले की मंडियों में अभी भी बड़ी मात्रा में गेहूं पड़ी हुई है। कई खरीद एजेंसियों की ओर से भुगतान में देरी की शिकायतें भी मिल रही हैं। उन्होंने किसानों की पूरी गेहूं की तुलाई करवाने और अटल भूजल योजना के तहत बनी डिग्गियों का भुगतान करवाने की मांग उठाई। भाजपा नेता अमित सहू ने गेहूं खरीद का लक्ष्य और अवधि बढ़ाने की मांग रखी। वहीं पूर्व विधायक गुरदीप सिंह शाहपीनी ने कहा कि जिले में इस बार गेहूं का रकबा अधिक रहा, लेकिन खरीद की गति धीमी है और उठाव कार्य भी बेहद धीमी रफ्तार से चल रहा है। उन्होंने मंडियों में पर्याप्त बारदाना उपलब्ध करवाने, गेहूं खरीद अवधि 30 जून तक बढ़ाने तथा किसानों के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने की मांग की। इसके अलावा शाहपीनी ने पंजाब की तर्ज पर किन्नू प्लांट लगाने के लिए किसानों को सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग उठाई। उनका कहना था कि नरमा खेती में नुकसान और बढ़ते कर्ज के दबाव के बीच किसानों को वैकल्पिक कृषि मॉडल उपलब्ध कराना आवश्यक है, जिससे उनकी आय बढ़ सके और वे आर्थिक रूप से मजबूत बन सकें।
पीएम की अपील और जमीनी तस्वीर में दिखा अंतर
पेट्रोलियम उत्पादों और एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर देश में चर्चा के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से ईंधन बचत तथा वाहनों का कम उपयोग करने की अपील की गई है। इसी बीच सोमवार को हनुमानगढ़ में आयोजित भाजपा किसान मोर्चा कार्यक्रम के दौरान अलग तस्वीर देखने को मिली। दरअसल, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा किसान मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष कैलाश चौधरी एक दिवसीय दौरे पर हनुमानगढ़ पहुंचे थे। जंक्शन स्थित भाजपा जिला कार्यालय में किसान मोर्चा की जिला बैठक एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम में भाग लेने के लिए पहुंचे पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के कारण जिला कार्यालय के बाहर वाहनों की लंबी कतारें नजर आईं। अधिकांश लोग निजी वाहनों से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे, जिससे कार्यालय परिसर और आसपास का क्षेत्र वाहनों से भरा रहा। ऐसे में ईंधन बचत और वाहनों के सीमित उपयोग को लेकर की गई अपील और कार्यक्रम स्थल पर दिखाई दिए वाहन उपयोग के बीच अंतर चर्चा का विषय बना रहा। हालांकि कार्यक्रम में किसानों के मुद्दों, कृषि नीति और संगठनात्मक विषयों पर चर्चा प्रमुख रही।
