हनुमानगढ़। जिला प्रशासन, एमएसएमई विभाग एवं श्री खुशालदास विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में तीन दिवसीय कृषि मेले का आयोजन 21 फरवरी से 23 फरवरी 2026 तक श्री खुशालदास विश्वविद्यालय परिसर में किया गया। मेले के दौरान विधिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हनुमानगढ़ के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय संचालित लीगल एड क्लिनिक द्वारा विधिक सहायता स्टॉल स्थापित की गई, जो मेले का प्रमुख आकर्षण रही। इस स्टॉल का उद्देश्य ग्रामीण अंचल के किसानों एवं आमजन को निःशुल्क विधिक सहायता एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना था। स्टॉल का संचालन विधि विभागाध्यक्ष एवं लीगल एड क्लिनिक प्रभारी विक्रम सिंह द्वारा किया गया। स्टॉल पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के चीफ एलएडीसी अधिवक्ता ऋषि राज बेनीवाल ने राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने नालसा संवाद, जागृति कार्यक्रम, निःशुल्क विधिक सहायता हेल्पलाइन 15100, राजस्थान पीड़ित प्रतिकर योजना, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यों तथा आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में रखे जाने वाले प्रकरणों की प्रकृति के संबंध में उपस्थित किसानों एवं आमजन को जागरूक किया। इस अवसर पर संबंधित योजनाओं के प्रचार-प्रसार हेतु पैम्पलेट्स का भी वितरण किया गया। बड़ी संख्या में किसानों एवं ग्रामीणों ने स्टॉल पर पहुंचकर विधिक परामर्श प्राप्त किया और योजनाओं की जानकारी ली। मेले में स्थापित विधिक सहायता स्टॉल ने न केवल विधिक जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को उनके अधिकारों एवं कानूनी सुविधाओं से भी अवगत कराया।
