हनुमानगढ़। गोगामेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम नेठराना में 12 वर्षीय मासूम अभिषेक शर्मा की हत्या के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इस मामले को लेकर नागरिक सुरक्षा, संरक्षण एवं जागृति संस्थान तथा सर्व ब्राह्मण महासभा हनुमानगढ़ के सदस्यों ने शुक्रवार को राजस्थान के गृहमंत्री के नाम जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। ज्ञापन के माध्यम से संगठनों ने बताया कि करीब 20 दिन पहले भादरा तहसील के ग्राम नेठराना में अज्ञात व्यक्तियों ने 12 वर्षीय मासूम अभिषेक शर्मा की गला घोंटकर हत्या कर शव को कुएं में डाल दिया था। इस घटना के बाद भी अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से क्षेत्रवासियों में भारी रोष है। संगठनों ने आरोप लगाया कि पुलिस व प्रशासन की लापरवाही के कारण अभी तक मामले का खुलासा नहीं हो पाया है। इससे लोगों में असंतोष बढ़ रहा है और सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका भी जताई गई है। ज्ञापन के माध्यम से गृहमंत्री से मांग की गई कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हत्या के आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। इस मौके पर देवदत्त भिड़ासरा, विजय कौशिक, इन्द्राज गोदारा, रमेशचन्द जोशी, बहादर स्वामी, बलराम भिड़ासरा, नरेश पारीक, दुर्गा प्रसाद शर्मा, रामकुमार कस्वां, यक्षय बोहरा, अमरीक सिंह, राजेन्द्र, ओम गोदारा, रामानन्द बोहरा, मनोज अरोड़ा, सोमप्रकाश शर्मा, नूर आलम, पुष्पा वर्मा, वरिन्द्र गुप्ता, संजयपाल गोदारा, आशीष भिड़ासरा, मदनलाल मूंड, लोकेश शर्मा, चन्द्रभान, भीम खिलेरी मौजूद रहे।
