संगरिया। क्षेत्र में गौसेवकों ने गौवंश को राष्ट्रीय धरोहर घोषित करने और देशभर में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर सोमवार को प्रधानमंत्री के नाम उपखण्ड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। भगवान श्री कृष्ण गोशाला, संगरिया एवं गौसेवकों की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि गौ माता सनातन संस्कृति की पहचान और महत्वपूर्ण धरोहर है। वेदों के अनुसार गौ माता में 33 कोटि देवी-देवताओं का वास माना जाता है और धार्मिक आस्था के केन्द्र शिवालयों में भी नंदी के रूप में गौवंश का विशेष महत्व है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि गौवंश की हत्या से सनातन धर्म के अनुयायियों की भावनाएं आहत होती हैं। ऐसे में पूरे देश में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाना आवश्यक है। गौसेवकों ने राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री से मांग की है कि गौवंश को राष्ट्रीय धरोहर का दर्जा प्रदान किया जाए और इसके संरक्षण के लिए सख्त कानून लागू किए जाएं। ज्ञापन के माध्यम से सरकार से इस विषय पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र निर्णय लेने की अपील की गई है। इस मौके पर पूनमचन्द मुण्डेवाला, ओमप्रकाश जालान, जगदीश जिन्दगर, राजेन्द्र बंसल, हनुमान दास गुप्ता, रजनीश गोयल, दीपेश विमल, बाबू पारीक, मोमनचन्द मित्तल, पुरुषोत्तम भुच्चोवाला, विष्णु जिन्दल, नरेश शर्मा, सुभाष शर्मा, सीताराम सोमानी, विक्रम गर्ग, अशोक सिंगला आदि मौजूद रहे।
