संगरिया। संगरिया के भू-अभिलेख निरीक्षक वृत जण्डवाला सिखान में गुरुवार को ग्राम उत्थान शिविर–2026 का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ कैम्प प्रभारी एवं उपखण्ड अधिकारी श्री जय कौशिक द्वारा किया गया। इस अवसर पर तहसीलदार मोनिका बंसल, सहायक कृषि अधिकारी मोहन सिंह मान तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। शिविर के दौरान उपखण्ड अधिकारी द्वारा उपस्थित काश्तकारों के फार्मर रजिस्ट्री पंजीकरण के निर्देश दिए गए। इसके तहत भू-अभिलेख निरीक्षक राजविन्द्र सिंह, पटवारी अमरेन्द्र सिंह, खेमराज सिंह एवं ज्योति ने किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित कराया।

साथ ही शिविर स्थल के समीप खेतों में जाकर किसानों को किसान गिरदावरी ऐप से स्वयं गिरदावरी करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया, जिससे किसानों में तकनीकी जागरूकता बढ़ी। उपखण्ड कार्यालय से प्राप्त विभाजन प्रस्ताव पर तहसीलदार संगरिया द्वारा भू-अभिलेख निरीक्षक एवं पटवारी के साथ मौके पर नक्शा सहित रिपोर्ट तैयार की गई। इस अवसर पर तहसीलदार संगरिया ने राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल स्व-गिरदावरी की उपयोगिता बताते हुए कहा कि स्वयं गिरदावरी से किसान अपने खेत के पत्थर नम्बर/मुरब्बा नम्बर की सही जानकारी रख सकेगा और अधिक सशक्त बनेगा। शिविर में किसानों को खाता मोबाइल ऐप के माध्यम से जमाबंदी निकालने, नामांतरण आवेदन सहित अन्य राजस्व सेवाओं की जानकारी भी दी गई। उपखण्ड अधिकारी ने किसानों को स्वयं गिरदावरी करने पर गत वर्ष की भांति प्रशस्ति पत्र से प्रोत्साहित किए जाने की बात कही तथा बताया कि खरीफ-2082 की गिरदावरी सर्वेयरों द्वारा पूर्ण कर ली गई है, जिसका भुगतान शीघ्र ही उनके खातों में जमा कराया जाएगा।
