हनुमानगढ़। राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले में ग्राम रथ अभियान की शुरुआत करते हुए मंगलवार को जिला कलक्ट्रेट परिसर से पांचों विधानसभा क्षेत्रों के लिए रथों को रवाना किया गया। भादरा विधायक संजीव बेनीवाल, जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव, पूर्व विधायक गुरदीप शाहपीनी व धर्मंेद्र मोची, पूर्व जिला प्रमुख दमयंती बेनीवाल व भाजपा नेता अमित सहू ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर पांच रथों को रवाना किया। यह अभियान किसानों, पशुपालकों और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं व विकास कार्यांे की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। इसके तहत एलईडी मोबाइल वैन के माध्यम से योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इस मौके पर विधायक संजीव बेनीवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेशभर में एक साथ ग्राम रथ अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि यह रथ प्रत्येक पंचायत मुख्यालय तक जाकर सरकार की योजनाओं की जानकारी देंगे। जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव ने कहा कि रथ अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर आमजन को योजनाओं के प्रति जागरूक करेंगे और लोगों के सुझाव भी एकत्रित करेंगे, जिससे सरकार तक आमजन की बात पहुंच सके। भाजपा नेता अमित सहू ने बताया कि समृद्ध किसान, खुशहाल राजस्थान के संकल्प के साथ यह अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें पंचायत समिति स्तर से लेकर प्रत्येक ग्राम पंचायत तक योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इस मौके पर अतिरिक्त जिला कलक्टर उम्मेदीलाल मीणा, जिला परिषद सीईओ ओपी बिश्नोई, सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता प्रदीप रुस्तगी, नगर परिषद आयुक्त सुरेन्द्र यादव, डॉ. भारतभूषण शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।
