हनुमानगढ़। वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026 के तहत शनिवार को जिला स्तरीय कार्यक्रम गांव पोहड़का के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला परिषद सीईओ ओपी बिश्नोई, जनप्रतिनिधि प्रमोद डेलू एवं सरोज लावा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस मौके पर विभिन्न विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी-जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे। जलग्रहण विकास एवं भू-संरक्षण विभाग के अधीक्षण अभियंता महेंद्र कुमार ने वंदे गंगा अभियान की रूपरेखा एवं इसके महत्व की जानकारी देते हुए बताया कि जल संरक्षण भविष्य की आवश्यकता है। उन्होंने पीएमकेएसवाई 2.0 के तहत पोहड़का एवं रामपुरा मटोरिया क्षेत्र में किए जा रहे टांका निर्माण, सार्वजनिक टांके, जोहड़, फार्म पॉन्ड एवं अन्य विकास कार्यांे की जानकारी दी तथा वर्षा जल के अधिकतम संग्रहण एवं उपयोग का आह्वान किया। जनप्रतिनिधि प्रमोद डेलू ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की ओर से संचालित वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जल का संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने राज्य सरकार की जल संरक्षण योजनाओं में जनभागीदारी बढ़ाने तथा उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। मुरलीधर सोनी ने भी पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण एवं नई जल संरचनाओं के निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया। जिला परिषद सीईओ ओपी बिश्नोई ने पीएमकेएसवाई 2.0 के तहत किए जा रहे कार्यांे के सकारात्मक परिणामों का उल्लेख करते हुए विभागीय अधिकारियों को फार्म पॉन्ड, टांका निर्माण एवं जोहड़ों के कार्य गुणवत्तापूर्वक कराने के निर्देश दिए। उन्होंने उत्पादन गतिविधियों जैसे कैटल शेड एवं बकरी पालन योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों को प्राथमिकता से देने की बात कही। इस दौरान उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों एवं अतिथियों को जल संरक्षण का संकल्प भी दिलाया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों एवं ग्रामीणों ने जल संरक्षण संरचनाओं का पूजन किया तथा विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया। पक्षियों के लिए परिंडे भी बांधे गए। कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता मुकेश भाकर, चंद्रभान एवं फैज खान सहित ग्रामीण मौजूद रहे।
