
हनुमानगढ़। कीर्तन कार्यक्रम के दौरान घर में घुसकर मारपीट करने, जातिसूचक गालियां निकालने व छेड़छाड़ करने के आरोप में अदालत के आदेश पर महिला पुलिस थाना में मुकदमा दर्ज हुआ है। इस्तगासा के जरिए दर्ज हुए मुकदमे में परिवादिया ने बताया कि 29 नवम्बर 2025 को उनके घर में कीर्तन कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें रिश्तेदार व पड़ोसी मौजूद थे। दोपहर करीब 2.30 बजे पड़ोसी सेवासिंह पुत्र मोहन सिंह, अपने साथ 14-15 लोगों को लेकर जबरन घर में घुसा। सेवासिंह व उसके साथ आए राहुल मेहरा, लवली निवासी टिब्बी, सुरेश जिंदल सहित अन्य लोगों ने कीर्तन कराने को लेकर विवाद किया और कार्यक्रम रोकने की धमकी दी। जब परिवार के सदस्यों ने समझाने का प्रयास किया तो इन लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और परिवादिया के पति के साथ मारपीट की। जब परिवादिया ने बीच-बचाव किया तो हमलावरों ने उन्हें जातिसूचक गालियां निकाली। सुरेश जिंदल ने जातिसूचक गालियां दीं, जबकि सेवासिंह ने धक्का-मुक्की करते हुए और गोद में मौजूद बच्चे को जमीन पर गिरा दिया। घटना के समय मौके पर मौजूद कई लोगों ने बीच-बचाव किया। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। पुलिस ने बीएनएस तथा एससीएसटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। प्रकरण की जांच एससीएसटी सेल सीओ कर रहे हैं।
