हनुमानगढ़। घर में घुसकर युवक पर धारदार हथियारों से हमला करने और वाहनों में तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। टाउन थाना पुलिस ने नामजद आरोपियों सहित अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार वार्ड नम्बर 3, लखूवाली निवासी 60 वर्षीय उम्मेद खां पुत्र सुल्तान खां ने रिपोर्ट दी कि 27 मई की रात करीब 9.30 बजे उसका पुत्र सद्दाम हुसैन अपने ताऊ के लड़के रज्जब अली के घर मिलने गया था। जैसे ही वह घर के बाहर बाखल में पहुंचा, तभी साहबराम पुत्र यासीन, दिलावर पुत्र जाकिर हुसैन, सहजाद पुत्र नूरजमाल, लब्बा पुत्र यूसुफ अली, माफिया पत्नी रज्जब अली, सैदा पत्नी साहबराम, अरमान पुत्र जुम्मे खां सहित 4-5 अन्य लोग हथियारों और लाठियों के साथ जबरन घर में घुस आए। साहबराम के हाथ में कापा और दिलावर के पास गंडासी थी। सद्दाम हुसैन ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो साहबराम ने जान से मारने की नीयत से कापे से हमला कर दिया। बचाव में हाथ ऊपर करने पर सद्दाम के दाहिने हाथ की दो अंगुलियों में चोट आई। वहीं दिलावर ने गंडासी के उल्टे हिस्से से उसके सिर पर वार किया, जिससे वह घायल हो गया। शोर सुनकर इश्मा बीबी, साजिर सहित अन्य लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। इसके बाद हजूर अली, शकील, मुस्ताक, सफल मल्लूक और ताहिर हुसैन भी वहां आ गए। लोगों के जुटने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से निकल गए। जाते समय आरोपियों ने घर के बाहर खड़ी बोलेरो कैंपर और स्कॉर्पियो के शीशे व अन्य हिस्से हथियारों और लाठियों से तोड़ दिए, जिससे दोनों वाहनों को नुकसान पहुंचा। घायल सद्दाम हुसैन को उपचार के लिए राजकीय जिला चिकित्सालय टाउन में भर्ती करवाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने मामले में बीएनएस की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच एएसआई किशोर सिंह को सौंपी है।
