– निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं निर्भीक मतदान के साथ शत-प्रतिशत मतदान का लिया संकल्प
हनुमानगढ़। नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, हनुमानगढ़ के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सोमवार को मतदाता शपथ लेकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया। इस दौरान अधिकारियों-कर्मचारियों ने निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने तथा आमजन को भी मतदान के लिए प्रेरित करने की शपथ ली। इसी प्रकार जिले के समस्त चिकित्सा संस्थानों में शत-प्रतिशत मतदान का संकल्प लिया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि सीएमएचओ कार्यालय सहित समस्त चिकित्सा संस्थानों में कार्यरत समस्त अधिकारियों-कर्मचारियों ने संकल्प लिया कि वे किसी भी प्रकार के लोभ, लालच, दबाव, जाति, धर्म, भाषा अथवा प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना अपने मत का प्रयोग करेंगे।

साथ ही स्वयं मतदान करने के साथ अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करेंगे। इस अवसर पर सभी ने शत-प्रतिशत मतदान के संकल्प को साकार करने में अपना योगदान देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। अधिकारियों ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक मतदाता का मतदान करना आवश्यक है। मताधिकार का प्रयोग नागरिकों का महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक दायित्व है और प्रत्येक पात्र मतदाता को बिना किसी भय, दबाव या प्रलोभन के अपने विवेक से मतदान करना चाहिए। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आमजन से भी अपील की कि नगर निकाय चुनाव में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने मताधिकार का उपयोग कर लोकतंत्र को मजबूत बनाने में योगदान दें।
