ऐलनाबाद। पी.ओ. स्टाफ सिरसा की पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चेक बाउंस मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को राजस्थान क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए पी.ओ. स्टाफ प्रभारी इंस्पेक्टर जनक राज ने बताया कि माननीय अदालत द्वारा बार-बार नोटिस जारी किए जाने के बावजूद आरोपी अदालत में पेश नहीं हुआ। अदालत के आदेशों की अवहेलना के चलते अदालत ने आरोपी प्रेमचंद को 10 अक्टूबर 2022 को भगोड़ा (पी.ओ.) घोषित कर दिया था। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना डिंग में आईपीसी की धारा 174ए के तहत मामला दर्ज किया गया था, जिसकी जांच पी.ओ. स्टाफ सिरसा को सौंपी गई थी। जांच के दौरान मिली ठोस सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रेमचंद पुत्र पुनम चंद, निवासी गांव रायपुरा, जिला दौसा, राजस्थान से काबू कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी को माननीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
