हनुमानगढ़। मोटरसाइकिल चोरी के मामले में हनुमानगढ़ जंक्शन पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा आरोपियों से अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है। जानकारी के अनुसार दिनांक 27 फरवरी 2026 को परिवादी हरिकिशन ने थाना जंक्शन में रिपोर्ट दर्ज कराई कि अज्ञात व्यक्ति उनकी मोटरसाइकिल नंबर आरजे 31 एसएफ 8010 चोरी कर ले गया। इस रिपोर्ट पर पुलिस थाना जंक्शन में अभियोग संख्या 134/2026 धारा 303 (2) बीएनएस 2023 के तहत मामला दर्ज किया गया। प्रकरण का अनुसंधान हेड कांस्टेबल मेजर सिंह द्वारा किया जा रहा था। क्षेत्र में चोरी और नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने तथा मामले में संलिप्त आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधिकारियों द्वारा विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद बिश्नोई और वृताधिकारी मीनाक्षी के निकटतम सुपरविजन तथा थानाधिकारी जंक्शन रामचन्द्र कस्वां के नेतृत्व में थाना स्तर पर विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने मानवीय आसूचना और तकनीकी संसाधनों की सहायता से मामले की जांच करते हुए अज्ञात आरोपियों की पहचान सुखदेव सिंह और बब्बू सिंह के रूप में की। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को उप कारागृह नोहर से प्रोडक्शन वारंट के जरिए प्राप्त कर मामले में गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सुखदेव सिंह पुत्र प्रीतम सिंह (24) निवासी साबुआना तहसील टिब्बी जिला हनुमानगढ़ तथा बब्बू सिंह पुत्र जग्गन सिंह (23) निवासी साबुआना तहसील टिब्बी जिला हनुमानगढ़ हैं। दोनों आरोपियों से कस्बा हनुमानगढ़ जंक्शन में हुई अन्य मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं के संबंध में पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे का अनुसंधान जारी है। इस कार्रवाई में पुलिस टीम के सदस्य हेड कांस्टेबल मेजर सिंह, हेड कांस्टेबल विनोद कुमार तथा कांस्टेबल भीमसेन की विशेष भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की वारदातों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
