संगरिया। एक प्रयास जन सेवा समिति, संगरिया की ओर से राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जंडवाला सिखान में सामाजिक सरोकार से जुड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत कक्षा 1 से 5 तक के जरूरतमंद विद्यार्थियों को निशुल्क कॉपियां, किताबें व स्टेशनरी का सामान वितरित किया गया। इस अवसर पर समिति द्वारा बोर्ड परीक्षा कक्षा 10वीं और 12वीं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम के बाद विद्यालय परिसर में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण किया गया। समिति अध्यक्ष सुखपाल सिंह इंदरगढ़ ने बताया कि समिति पिछले काफी समय से सरकारी स्कूलों के जरूरतमंद बच्चों को आवश्यक सामग्री उपलब्ध करवाने का कार्य कर रही है और भविष्य में भी कॉपी, किताब, जूते, मोजे सहित अन्य जरूरी सामग्री उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि अधिक से अधिक लोग समिति से जुड़कर जरूरतमंदों की सेवा में सहयोग करें। कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष सुखपाल सिंह इंदरगढ़, कार्यक्रम प्रभारी रामलाल बिसू, सोमा सिंह, नवलप्रीत सिंह सिद्धू, विद्यालय के प्रधानाचार्य तारकेश खुडियाल, स्टाफ एवं गांव के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
