हनुमानगढ़। तहसील संगरिया की ग्राम पंचायत किकरवाली के चक 9 एमएमके के राजकीय प्राथमिक विद्यालय की जर्जर हालत को लेकर गुरुवार को ग्रामीणों ने जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र नए भवन के निर्माण की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 1995 में जनसहयोग से स्थापित इस विद्यालय में वर्तमान में 45 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, लेकिन विद्यालय भवन अत्यंत खस्ताहाल स्थिति में पहुंच चुका है। ग्रामीण शकील तंवर के अनुसार विद्यालय में दो कक्ष, एक कार्यालय कक्ष और एक रसोईघर है, जो करीब 30 वर्ष पुराने हैं। समय के साथ दीवारों और छतों में दरारें पड़ चुकी हैं तथा प्लास्टर उखड़ रहा है। बारिश के दौरान छत से पानी टपकने से बच्चों और शिक्षकों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। भवन की हालत इतनी खराब है कि कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है और बच्चों की जान जोखिम में पड़ सकती है। ग्रामीणों के अनुसार विद्यालय के प्रधानाध्यापक की ओर से पूर्व में ग्राम सचिव किकरवाली, खंड विकास अधिकारी संगरिया, सीबीईओ संगरिया और उपखंड अधिकारी संगरिया को भवन निर्माण के संबंध में पत्र लिखे जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने जिला कलक्टर से मांग की कि बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विद्यालय में तीन नए कक्ष, एक कार्यालय और एक रसोईघर का शीघ्र निर्माण कराया जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे। इस मौके शकील तंवर, अब्दुल वाहिद कादरी, कारी नूर आलम, वकील तंवर, हाफिज फारूक सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।
