हनुमानगढ़। जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव ने आगामी पंचायतीराज आम चुनाव-2026 की तैयारियों के तहत पीलीबंगा क्षेत्र का दौरा कर मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथ संख्या 162 एवं 163 की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों को शीघ्र दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के उपरांत जिला कलक्टर ने ग्राम पंचायत 6 एसजीआर के गांव भागसर में रात्रि चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों की परिवेदनाएं सुनीं।

उन्होंने आमजन की ओर से प्रस्तुत परिवेदनाओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए। रात्रि चौपाल के दौरान डॉ. खुशाल यादव ने ग्रामीणों एवं बच्चों से नशा मुक्ति अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि समाज को नशामुक्त बनाने में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है। इस मौके पर उन्होंने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान उपखंड अधिकारी उमा मित्तल, एसीईओ सुनील छाबड़ा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
