भादरा। जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने गुरुवार को भादरा में विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान सर्वप्रथम उन्होंने करणपुरा स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय छात्रावास का निरीक्षण किया तथा छात्र-छात्राओं से बातचीत की। इसके उपरांत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय करणपुरा का निरीक्षण किया, जहां कक्षा-कक्षों, लाइब्रेरी इत्यादि को देखा।

जिला कलेक्टर ने उपजिला अस्पताल भादरा में व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा मरीजों से सुविधाओं को लेकर फीडबैक लिया। साफ-सफाई तथा सुविधाओं को लेकर निर्देश दिए। इस मौके पर उन्होंने उपजिला अस्पताल की नवनिर्मित बिल्डिंग का भी निरीक्षण किया तथा कार्य में तेजी लाने तथा समयबद्ध और गुणवत्तापूर्वक कार्य के निर्देश दिए।

उन्होंने कृषि उपज मंडी में मूंग खरीद केंद्र का भी निरीक्षण किया तथा कृषकों के लिए सुविधाओं को लेकर निर्देश दिए। इसके उपरांत जिला कलेक्टर ने ढाणी खोखरान में खेल मैदान की भूमि का निरीक्षण तथा नेठराना में सावित्री बाई फुले लाइब्रेरी का निरीक्षण किया तथा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इस मौके पर भादरा एसडीएम भागी रथ, तहसीलदार धर्मेंद्र जांदू, बीडीओ शीला देवी, सीबीईओ सहित अधिकारी मौजूद रहे।

