हनुमानगढ़। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति तथा उपभोक्ता मामले विभाग के मंत्री तथा जिला प्रभारी मंत्री सुमित गोदारा मंगलवार, 13 जनवरी को हनुमानगढ़ जिले के दौरे पर रहेंगे। अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान मंत्री गोदारा आगामी राज्य बजट की तैयारियों को लेकर विभिन्न वर्गां से संवाद करेंगे और जिले के विकास कार्यां की समीक्षा करेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार, मंत्री सुबह 7.30 बजे बीकानेर से रवाना होकर 11.30 बजे हनुमानगढ़ पहुंचेंगे। जिला कलक्ट्रेट सभागार में वे जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। इसमें पूर्व बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन, भूमि आवंटन, पंच गौरव और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान योजना सहित बिजली, पानी और सड़क जैसे बुनियादी मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
बजट के लिए जनता से संवाद
दोपहर 12.30 बजे से मंत्री सुमित गोदारा आगामी बजट को समावेशी बनाने के लिए विभिन्न संगठनों और प्रतिनिधियों से सुझाव लेंगे। सरकार की मंशा है कि बजट में स्थानीय आवश्यकताओं को प्राथमिकता दी जाए। इसके पश्चात, वे दोपहर 2 बजे पल्लू तहसील के ग्राम केलनिया के लिए प्रस्थान करेंगे, जहां अपराह्न 3.30 बजे वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और वीबी जी राम जी के संबंध में आमजन से संवाद एवं जनसभा करेंगे।
