हनुमानगढ़। राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड राज्य मुख्यालय जयपुर के वार्षिक कार्यक्रम के तहत जिले में जिला स्तरीय कब/बुलबुल उत्सव कम (चतुर्थ चरण), हीरक पंख एवं गोल्डन एरो कब/बुलबुल जांच शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 13 फरवरी से 15 फरवरी तक किया जाएगा। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी (समग्र शिक्षा) की ओर से जारी आदेश के अनुसार शिविर का आयोजन राज्य भारत स्काउट गाइड जिला मुख्यालय हनुमानगढ़ में होगा। शिविर में हिस्सा लेने वाले स्काउट-गाइड को 13 फरवरी को सुबह 10 बजे तक शिविर स्थल पर उपस्थित होना अनिवार्य होगा। शिविर में जिले के विभिन्न सरकारी व निजी विद्यालयों के कब और बुलबुल हिस्सा लेंगे। प्रतिभागियों के लिए भोजन व्यवस्था केन्द्रीय मेस की ओर से की जाएगी। वहीं, शिविर में विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियां आयोजित होंगी, जिनमें खेल, पोस्टर निर्माण, साहित्यिक गतिविधियां, देशभक्ति गीत, समूह गीत, हस्तकला, प्राथमिक चिकित्सा एवं स्काउट-गाइड संबंधी प्रशिक्षण शामिल हैं। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि शिविर में सम्मिलित होने वाले स्काउट-गाइड की यात्रा एवं दैनिक भत्ता राज्य सरकार के नियमानुसार देय होगा। साथ ही प्रतिभागियों को मौसम के अनुसार वस्त्र, दैनिक उपयोग की सामग्री, बर्तन एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से संबंधित आवश्यक सामग्री साथ लाने के निर्देश दिए गए हैं। शिक्षा विभाग ने इस शिविर को बच्चों के सर्वांगीण विकास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक मूल्यों के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।
