हनुमानगढ़। सेठ राधाकृष्ण बिहानी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई प्रथम एवं द्वितीय के सात दिवसीय विशेष शिविर के तीसरे दिन का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम में सेवा, अनुशासन और समाजसेवा की भावना को केंद्र में रखते हुए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का प्रारंभ शबनम, रजनी जैन, रचना शर्मा, ममता खूंगर, पुष्पा शर्मा तथा एनएसएस स्वयंसेविकाओं की उपस्थिति में हुआ। शिविर के तीसरे दिन स्वयंसेविकाओं ने विद्यालय परिसर में श्रमदान करते हुए स्वच्छता अभियान चलाया। छात्राओं ने विद्यालय के कक्षों, रसोईघर एवं परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया और सामूहिक श्रम से परिसर को स्वच्छ व व्यवस्थित बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। शिविर के दौरान स्वयंसेविकाओं के लिए एक ज्ञानवर्धक वार्ता का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर पोस्ट ऑफिसर अशोक ने विद्यालय पहुंचकर छात्राओं को संबोधित किया। उन्होंने डाक विभाग की विभिन्न योजनाओं जैसे बचत खाता, सुकन्या समृद्धि योजना, डाक जीवन बीमा सहित अन्य सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को बचत की आदत अपनाने और डाकघर की योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। सायंकालीन सत्र में स्वयंसेविकाओं के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेविकाओं ने सेवा और समर्पण की भावना का परिचय दिया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य अनीता शर्मा, कार्यक्रम अधिकारी पुष्पा शर्मा तथा कार्यक्रम अधिकारी ममता खूंगर सहित विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा।
