-प्रभात फेरी, हवन-यज्ञ और विशाल भंडारे में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
हनुमानगढ़। बरकत कॉलोनी स्थित फाटक गौशाला परिसर में श्री गौ सेवा संस्थान द्वारा संचालित सांवलिया सेठ मंदिर का प्रथम स्थापना दिवस श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। आयोजन के दौरान धार्मिक आस्था, गौ सेवा और सामाजिक समरसता का सुंदर संगम देखने को मिला। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 6 बजे राधानाम संकीर्तन प्रभात फेरी से हुई। प्रभात फेरी फाटक गौशाला से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से निकाली गई और पुनः गौशाला परिसर में संपन्न हुई। मार्ग में श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्ज्वलन, रंगोलियां सजाकर और पुष्पवर्षा कर प्रभात फेरी का स्वागत किया। संकीर्तन के मधुर भजनों से वातावरण भक्तिमय हो गया। इसके बाद सुबह 7 बजे विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात पांच कुंडी हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया।

पंडित रामनारायण शास्त्री, पंडित राम प्रकाश शास्त्री और पंडित जीतू कुमार ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूर्णाहुति संपन्न करवाई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हवन में आहुतियां देकर पुण्य लाभ अर्जित किया। गौ सेवा संस्थान के पदाधिकारी प्रेम तावनिया ने बताया कि इसी दिन मदन गोपाल अग्रवाल ने अपनी पत्नी निर्मला देवी और पिता स्वर्गीय श्यामलाल अग्रवाल की स्मृति में मंदिर में सांवलिया सेठ की प्रतिमा स्थापित करवाई थी। स्थापना दिवस के अवसर पर अग्रवाल परिवार की ओर से मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। हवन-यज्ञ में गोपाल, ऋषि मोदी, मनोज, सानिया, जगदीश, अमित बंसल, नीलम, अर्णव बंसल, रमा देवी, ललित, नरेंद्र कुमार, अंजू, शकुंतला देवी, परी गर्ग सहित अनेक श्रद्धालुओं ने सहभागिता निभाई। कार्यक्रम के समापन पर आयोजित भंडारे में क्षेत्रवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। संपूर्ण आयोजन धार्मिक आस्था, गौ सेवा और सामाजिक एकता का प्रतीक बनकर उभरा।
