– रेल यात्रियों ने डीआरएम से लगाई गुहार
हनुमानगढ़। हनुमानगढ़-सूरतगढ़ रेलखंड के दैनिक यात्रियों ने उत्तर पश्चिम रेलवे, बीकानेर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) को ज्ञापन भेजकर ट्रेनों की लेटलतीफी दूर करने, अतिरिक्त कोच लगाने तथा फिरोजपुर-हनुमानगढ़ अनारक्षित एक्सप्रेस का धोलीपाल रेलवे स्टेशन पर ठहराव देने की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया कि हनुमानगढ़-सूरतगढ़ पैसेंजर (54759) का मेंटेनेंस पिछले करीब 11 माह पहले हनुमानगढ़ स्थानांतरित होने के बाद से ट्रेन लगातार देरी से संचालित हो रही है। इससे रोजाना यात्रा करने वाले कर्मचारियों, विद्यार्थियों और अन्य यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों ने मांग की है कि ट्रेन को हनुमानगढ़ से प्रतिदिन सुबह 7:15 बजे नियत समय पर रवाना किया जाए अथवा इसके समय चक्र में आवश्यक संशोधन कर लेटलतीफी की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए। यात्रियों ने यह भी बताया कि पहले इस पैसेंजर समूह की ट्रेनों में 11 से 12 कोच लगाए जाते थे, लेकिन मेंटेनेंस हनुमानगढ़ शिफ्ट होने के बाद कोचों की संख्या घटाकर 8 से 9 कर दी गई है। इसके कारण ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ रहती है और यात्रियों को खड़े होकर सफर करना पड़ता है। उन्होंने जनहित में कोचों की संख्या फिर से पूर्ववत करने की मांग की। इसके अलावा ज्ञापन में फिरोजपुर-हनुमानगढ़ अनारक्षित एक्सप्रेस (14601) का धौलीपाल रेलवे स्टेशन पर ठहराव देने की भी मांग की गई है। यात्रियों का कहना है कि इससे धौलीपाल एवं आसपास के गांवों के लोगों और दैनिक यात्रियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। दैनिक यात्रियों ने डीआरएम से इन जनहित की मांगों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है, ताकि क्षेत्र के हजारों रेल यात्रियों को राहत मिल सके।
