हनुमानगढ़। जिला मुख्यालय के टाउन-जंक्शन रोड स्थित घग्घर पुल के पास शनिवार तड़के एक कार अस्थाई डिवाइडर से टकरा गई। हादसा सुबह करीब 4 बजे का बताया जा रहा है। टक्कर इतनी तेज थी कि पुल पर लगाया गया अस्थाई अवरोधक डिवाइडर टूटकर अलग हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुल की एक लेन बंद होने के कारण सार्वजनिक निर्माण विभाग की ओर से अस्थाई डिवाइडर लगाया गया था।

इसी दौरान एक कार अनियंत्रित होकर उससे जा टकराई। दुर्घटना में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि एयरबैग समय पर खुल जाने से चालक की जान बच गई और उसे मामूली चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात को सुचारु कराया।

टाउन थाने के एएसआई दलीप सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि पुल पर लगाए गए अस्थाई डायवर्जन और अंधेरे के कारण वाहन चालक को डिवाइडर दिखाई नहीं दिया, जिससे हादसा हुआ। गौरतलब है कि घग्घर पुल पर मरम्मत कार्य के चलते यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है, ऐसे में वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
