हनुमानगढ़। जंक्शन के वार्ड नंबर 51 स्थित अपनी वाटिका पार्क के पास मुख्य सड़क किनारे लंबे समय से सीवर चैम्बरों से हो रहा गंदे पानी का रिसाव क्षेत्रवासियों के लिए गंभीर समस्या बन गया है। पार्क के समीप करीब चार सीवर चैम्बरों से लगातार गंदा पानी निकल रहा है, जो एकत्रित होकर झील जैसा रूप ले चुका है। इससे उठने वाली दुर्गंध के कारण आसपास के लोगों का जीना दूभर हो गया है। वहीं, गंदगी के कारण संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका भी बनी हुई है।

पूर्व वार्ड पार्षद सुरेश धमीजा ने बताया कि यह समस्या पिछले करीब डेढ़ से दो वर्ष से लगातार बनी हुई है और अब क्षेत्रवासियों के लिए नासूर बन चुकी है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद के अधिकारियों को कई बार इस संबंध में अवगत कराया गया, लेकिन आज तक स्थाई समाधान नहीं हो सका। धमीजा के अनुसार, शिकायत मिलने पर कर्मचारी सीवर लाइन की सफाई कर लौट जाते हैं, जिससे कुछ दिनों तक राहत मिलती है, लेकिन जल्द ही चैम्बरों से दोबारा पानी का रिसाव शुरू हो जाता है। परिणामस्वरूप गंदा पानी मुख्य सड़क किनारे फैला रहता है, जिससे सड़क भी क्षतिग्रस्त हो रही है।

उन्होंने बताया कि लगातार पानी भराव के कारण कई स्थानों पर सड़क धंस चुकी है और बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। दुर्गंध के बीच रहने को मजबूर लोगों ने बार-बार शिकायतें कीं, लेकिन सुनवाई नहीं होने से अब उन्होंने भी उम्मीद छोड़ दी है। पूर्व पार्षद ने आरोप लगाया कि नगर परिषद के प्रशासक, आयुक्त और एक्सईएन को कई बार समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने जिला कलक्टर से मौके का निरीक्षण कर समस्या का स्थाई समाधान करवाने की मांग की है।
