सिरसा/हिसार। हरियाणा के सिरसा में शादी का झांसा देकर डेढ़ लाख रुपए और गहने ठगने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने कथित ‘लुटेरी दुल्हन’ समेत तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान मध्य प्रदेश के छतरपुर निवासी फुल्लन देवी उर्फ शिवानी शर्मा और हिसार की सरोज के रूप में हुई है, जबकि तीसरी युवती की पहचान फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है। पुलिस के अनुसार सरोज इस पूरे गिरोह की सरगना बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 30 हजार रुपए नकद और कुछ सोने के गहने भी बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह भोले-भाले युवकों को शादी का झांसा देकर उनसे पैसे और गहने ऐंठने का काम करता था। गिरोह का संचालन हिसार से किया जा रहा था, जहां लड़की दिखाने, सगाई कराने और शादी तय कराने के नाम पर पूरी डील होती थी। मामले की शुरुआत जनवरी 2026 में हुई, जब सिरसा के पंजुआना गांव निवासी एक युवक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। युवक बिजली निगम में ड्राइवर के पद पर कार्यरत है। उसने बताया कि सितंबर 2025 में उसके एक साथी ड्राइवर ने उसे शादी कराने का भरोसा दिलाया था। साथी ने कहा था कि उसकी पहचान ऐसे लोगों से है, जो पैसे लेकर शादी करवाते हैं। इसके बाद युवक की मुलाकात दो अन्य युवकों से कराई गई, जिन्होंने शादी कराने के बदले डेढ़ लाख रुपए की मांग की। उन्होंने लड़की और उसके परिवार की पूरी जिम्मेदारी लेने का आश्वासन भी दिया। कुछ दिनों बाद युवक को हिसार बुलाया गया, जहां पड़ाव चौक स्थित एक मकान में उसकी मुलाकात शिवानी शर्मा नाम की युवती से कराई गई। बातचीत के बाद दोनों की सगाई करा दी गई और आरोपी पक्ष को डेढ़ लाख रुपए नकद के साथ कुछ सोने के गहने भी दे दिए गए। शिकायत के अनुसार, सगाई के बाद भी जब शादी की तारीख तय नहीं हुई तो आरोपियों ने तरह-तरह के बहाने बनाने शुरू कर दिए। दबाव डालने पर उन्होंने बताया कि लड़की के माता-पिता की मौत हो गई है, इसलिए शादी टाल दी गई है। जब युवक को ठगी का शक हुआ और उसने पुलिस में शिकायत करने की बात कही तो आरोपियों ने शिवानी को बिना शादी के ही उसके घर भेज दिया। युवक के अनुसार, शिवानी 3 अक्टूबर 2025 से उसके घर रहने लगी थी। पांच दिन बाद 8 अक्टूबर को उसने सहेली से मिलने की बात कहकर घर से बाहर जाने की अनुमति ली। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। जांच में पता चला कि वह घर से नकदी और कुछ गहने लेकर एक महिला के साथ फरार हो गई थी। शहर थाना प्रभारी संदीप ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह योजनाबद्ध तरीके से लोगों को शादी का झांसा देकर ठगी करता था। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान गिरोह से जुड़ी अन्य ठगी की घटनाओं का भी खुलासा होने की संभावना है और जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
