हनुमानगढ़। नगर परिषद की ओर से चक 14 एचएमएच, कोहला व 19 एचएमएच में प्रस्तावित डॉग शेल्टर निर्माण को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग को लेकर ग्राम कोहला के ग्रामीणों ने सोमवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने डॉग शेल्टर के लिए ग्राम मक्कासर में नगर परिषद के अधीन दर्ज करीब 12 बीघा राजकीय भूमि को उपयुक्त बताते हुए वहां निर्माण करवाने की मांग की। गांव कोहला के वार्ड 29 निवासी भादरराम यादव व विजय स्वामी ने बताया कि चक 14 एचएमएच कोहला व 19 एचएमएच में नगर परिषद की ओर से डॉग शेल्टर निर्माण प्रस्तावित है। यह स्थान पूर्व में निर्मित हड्डा रोड़ी के नजदीक है। हड्डा रोड़ी से आने वाली अत्यधिक बदबू के कारण यहां चिकित्सकों एवं अन्य स्टाफ कर्मियों के लिए आवारा कुत्तों की देखभाल का कार्य सुचारू रूप से करना मुश्किल हो सकता है। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित डॉग शेल्टर के आसपास चक 14 एचएमएच कोहला व 19 एचएमएच की ढाणियां और कृषि भूमि स्थित हैं। यहां ग्रामीण खेतों में काम करने के लिए आते-जाते हैं। डॉग शेल्टर बनने के बाद आवारा कुत्तों के हमले की आशंका बनी रह सकती है। इस मार्ग से स्कूल जाने वाले बच्चे, स्टाफ तथा अन्य लोग भी गुजरते हैं, ऐसे में उनकी सुरक्षा को लेकर भी चिंता है। बड़ी संख्या में कुत्तों के रहने से उनके भौंकने के कारण आसपास की ढाणियों में ध्वनि प्रदूषण की समस्या उत्पन्न हो सकती है। इससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम मक्कासर में करीब 12 बीघा भूमि नगर परिषद के अधीन राजकीय भूमि के रूप में पंजीकृत है। इस भूमि पर कुछ लोगों की ओर से अवैध कब्जा किया गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से उक्त भूमि को अतिक्रमण मुक्त करवाकर डॉग शेल्टर निर्माण के लिए उपयोग में लेने का सुझाव दिया। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि चक 14 एचएमएच कोहला व 19 एचएमएच में प्रस्तावित डॉग शेल्टर का निर्माण स्थल बदलकर ग्राम मक्कासर में नगर परिषद की 12 बीघा राजकीय भूमि पर करवाया जाए। इस मौके पर संदीप, राकेश, राहुल, कृपाल, संजय, सोनू, काशी, बिट्टू, हनुमान सहित कई अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
