हनुमानगढ़। टाउन थाना क्षेत्र के मैनावाली गांव स्थित हनुमान मंदिर से दानपात्र चोरी होने का मामला सामने आया है। मंदिर कमेटी अध्यक्ष की शिकायत पर टाउन थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मैनावाली गांव निवासी 60 वर्षीय ओमप्रकाश पुत्र हरिराम बिश्नोई, जो हनुमान मंदिर कमेटी के अध्यक्ष हैं, ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 28 मई की अल सुबह करीब 5 बजे वह प्रतिदिन की तरह मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। इस दौरान उन्होंने देखा कि मंदिर के मुख्य द्वार के पास रखा लोहे का दानपात्र गायब था। रिपोर्ट में बताया गया है कि दानपात्र में श्रद्धालुओं की ओर से चढ़ाई गई करीब आधा किलो चांदी तथा लगभग ढाई लाख रुपए नकद रखे हुए थे। अज्ञात चोर दानपात्र सहित पूरी सामग्री चोरी कर ले गए। घटना का पता चलने पर ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आसपास तलाश और पूछताछ की, लेकिन चोरी गए सामान और आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग पाया। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि मैनावाली गांव के तीन मंदिरों में पूर्व में भी तीन बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। इन मामलों को लेकर लखूवाली पुलिस चौकी में लिखित शिकायतें भी दी गई थीं, लेकिन कोई कानूनी कार्रवाई नहीं हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए टाउन थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले का अनुसंधान एएसआई जसवंत सिंह को सौंपा गया है। पुलिस चोरी गए दानपात्र, नकदी और चांदी की बरामदगी के प्रयास में जुटी हुई है।
