हनुमानगढ़। पिता-पुत्र के खिलाफ खेत से तार चोरी की झूठी शिकायत करने का आरोप लगाते हुए पीलीबंगा तहसील के गांव हांसलिया के ग्रामीणों ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। चंदो देवी पत्नी अमरजीत बावरी निवासी वार्ड आठ, ग्राम पंचायत हांसलिया तहसील पीलीबंगा के अनुसार उनके खेत पड़ोसी मोहम्मद अली पुत्र मोहम्मद बक्श ने उसके पुत्र गोविन्द सिंह व पति अमरजीत पर तार चोरी का झूठा आरोप लगाते हुए गोलूवाला पुलिस थाना में मुकदमा दर्ज करवाया है जो निराधार व गलत है। यही नहीं रमजान ने फोन पर उसे जातिसूचक गालियां निकाली। इसके बाद पंचायत की ओर से समझाइश की गई। बावजूद इसके रमजान खान वगैरा उसके पुत्र व पति को बार-बार डरा व धमका रहे हैं कि अगर उन्हें पैसे नहीं दिए तो वे उन पर इसी तरह झूठे आरोप लगाते रहेंगे। यह लोग न तो उन्हें खेत जाने दे रहे हैं और न ही कृषि कार्य करने दे रहे हैं। चंदो देवी ने आरोप लगाया कि वह अपनी पुत्रवधू के साथ दवा लेने के लिए डॉक्टर के पास जा रही थी। रास्ते में रमजान ने उन्हें जातिसूचक गालियां निकाली और धक्का-मुक्की की। हाथ पकड़कर उसे जमीन पर गिरा दिया। उन्होंने शोर मचाया तो आसपास के लोगों को आते देखकर रमजान वहां से भाग गया। चंदो देवी ने इन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गुहार एसपी से लगाई। इस पर एसपी ने आश्वस्त किया कि उक्त मामले की जांच डीवाईएसपी से करवाई जाएगी। जांच सात दिवस में पूरी हो जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर सात दिन में कार्रवाई नही होती तो गोलूवाला पुलिस थाना के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस मौके पर माकपा नेता रघुवीर वर्मा, रफीद लोदी, शेर सिंह शाक्य, विनोद वर्मा, सुनील कुमार, सुरेश कुमार, पन्नाराम, सुरेन्द्र कुमार, धर्मेन्द्र सहित अन्य ग्रामीण मौजूद थे।
