– रघुवीर वर्मा बोले-भाजपा-कांग्रेस की नीतियों के खिलाफ चुनाव मैदान में उतरे उम्मीदवार, विकास और शहरी नरेगा समेत स्थानीय मुद्दे रहेंगे केंद्र में
हनुमानगढ़। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के तीन प्रत्याशियों ने शनिवार को अपने-अपने नाम निर्देशन पत्र दाखिल किए। सबसे पहले वार्ड नंबर 14 से माकपा प्रत्याशी गुरनायब सिंह ने नामांकन दाखिल किया। इसके बाद वार्ड नंबर 35 और 38 से पार्टी प्रत्याशियों ने भी नामांकन पत्र जमा करवाए। इस दौरान माकपा के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। माकपा नेता रघुवीर वर्मा ने कहा कि पार्टी के प्रत्याशी भाजपा और कांग्रेस की नीतियों के खिलाफ चुनाव मैदान में उतरे हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक दोनों प्रमुख दलों की ओर से प्रत्याशियों की अधिकृत सूची जारी नहीं की गई है।

भाजपा पर निशाना साधते हुए वर्मा ने महंगाई और विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे उठाए। उन्होंने कहा कि चीनी के दाम 80 रुपये किलो तक पहुंच गए हैं, वहीं जंतर-मंतर पर विद्यार्थियों पर लाठियां बरसाने की घटना भी चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में भाजपा से टिकट मांगने वाले नेताओं से जनता सवाल कर रही है। उन्होंने दावा किया कि नगर परिषद में बोर्ड बनाने का सपना देख रही भाजपा बहुमत के लिए जरूरी संख्या में पार्षद भी नहीं जिता पाएगी। वर्मा ने कहा कि माकपा ने पहले से ही भाजपा को हराने का निर्णय लिया है और कांग्रेस अपनी राजनीतिक लड़ाई में व्यस्त रही है। ऐसे में माकपा के तीन प्रत्याशियों वाले वार्डों के अलावा अन्य वार्डों में पार्टी भाजपा-कांग्रेस के खिलाफ खड़े निर्दलीय प्रत्याशियों का सहयोग करेगी। वर्मा ने कहा कि माकपा प्रत्याशी शहर के विकास, शहर से जुड़े गांवों के विकास, पट्टे जारी करवाने और शहरी नरेगा जैसे मुद्दों को लेकर जनता के बीच जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था में सुधार सहित स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए भी पार्टी काम करेगी।
