नोहर। नोहर थाना क्षेत्र के गांव देईदास के पास थार गाड़ी की टक्कर से बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। इस संबंध में नोहर पुलिस थाना में मुकदमा दर्ज करवाया गया है। पुलिस के अनुसार कपिल पुत्र सतवीर कुलड़िया निवासी जसाना तहसील नोहर ने लिखित रिपोर्ट दी कि 15 फरवरी की रात उसका चाचा रोहिताश उर्फ भालाराम (40) पुत्र काशीराम कुलड़िया निवासी चक 5 आरपीएम, जसाना बाइक नम्बर एचआर 22 पी 7857 पर सवार होकर मिर्जावाली मेर से घर लौट रहा था। बाइक रोहिताश चला रहा था, जबकि पीछे रामदास पुत्र सोहनलाल नायक निवासी 5 आरपीएम तथा सतवीर पुत्र हरीसिंह सहारण निवासी चक 6 आरपीएम बैठे हुए थे। रिपोर्ट के अनुसार रात करीब 8.30 बजे जब वे देईदास बस स्टैंड से नोहर की ओर जा रहे थे, तभी पीछे से आई नई थार गाड़ी के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राममूर्ति बिरड़ा और कुलदीप बेरड़ ने मानवता का परिचय देते हुए एम्बुलेंस 108 की सहायता से घायलों को नोहर के राजकीय उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद रोहिताश उर्फ भालाराम को मृत घोषित कर दिया, जबकि रामदास और सतवीर की गंभीर हालत देखते हुए रामदास को हनुमानगढ़ तथा सतवीर को सिरसा रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। वहीं थार गाड़ी के चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाकर दुर्घटना करने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच एएसआई राजेन्द्र कुमार को सौंपी गई है।
