हनुमानगढ़। तलवाड़ा झील थाना क्षेत्र के चक 5 एमजेडब्ल्यू, मिर्जावाली मेर निवासी एक विवाहिता ने पति समेत ससुराल पक्ष के चार जनों पर दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित करने और मारपीट करने का आरोप लगाया है। महिला ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि 9 सितंबर की रात करीब 11 बजे उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिसमें उसकी आंख और पीठ पर गंभीर चोटें आईं। तलवाड़ा झील थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रिपोर्ट के अनुसार कंचन (31) पत्नी भीम ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2015 में हुई थी और उसका एक पुत्र है। आरोप है कि पति भीम, ससुर सतपाल, सास लिछमा तथा देवर अभिषेक दहेज की मांग को लेकर उसे परेशान करते हैं और कई बार मारपीट कर पीहर भेज चुके हैं। महिला ने पति पर शराब पीकर मारपीट करने का भी आरोप लगाया। महिला ने आरोप लगाया कि 9 सितंबर की रात पति भीम और ससुर सतपाल ने उसकी आंख पर मुक्के व लातें मारीं, जिससे आंख से खून निकलने लगा और उसे आंख खोलने में परेशानी हुई। इसके अलावा पीठ पर लातों व लाठियों से मारपीट करने से चोटें आने की बात कही गई। महिला का आरोप है कि उसे फोन तक नहीं दिया गया, जिसके बाद उसने पड़ोसी के घर जाकर अपने चाचा को घटना की जानकारी दी। रिपोर्ट में बताया गया कि 10 सितंबर की सुबह महिला के पिता इन्द्राज, चाचा भागीरथ और भाई पंकज उसे लेने ससुराल पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान पति ने उसके पिता के बाएं हाथ पर लाठी मारी, जबकि ससुर ने उसके भाई पंकज के साथ मारपीट की। इसके बाद पीहर पक्ष महिला को वहां से लेकर आया। रिपोर्ट और चोटों के आधार पर तलवाड़ा झील थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। जांच थाना प्रभारी उप निरीक्षक राजपाल सिंह कर रहे हैं।
