हनुमानगढ़। कोर्ट गेट के सामने स्थित एक दुकान को लेकर पड़ोसी व्यापारियों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। पीड़ित व्यापारी विकास झोरड़ पुत्र कृष्ण कुमार ने पड़ोसी दुकानदार राजेश कुमार सिंगला और उसके पुत्र उत्कर्ष सिंगला पर दुकान की दीवार को नुकसान पहुंचाने तथा जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायतकर्ता विकास झोरड़ के अनुसार उसकी दुकान के पड़ोस में राजेश कुमार सिंगला की दुकान है। उनका आरोप है कि पड़ोसी राजेश कुमार और उसका पुत्र उत्कर्ष पहले भी कई बार उसकी दुकान की दीवार पर तोड़फोड़ कर चुके हैं।

पड़ोसी होने के कारण वह अब तक विवाद से बचता रहा और शांत रहा। विकास झोरड़ ने बताया कि मंगलवार को वह अपनी दुकान पर फ्लैक्स लगवा रहा था। उसी दौरान राजेश कुमार ने फोन कर फ्लैक्स हटाने की धमकी दी और कहा कि ‘फ्लैक्स हटा ले, नहीं तो नुकसान होगा।’ शिकायतकर्ता के अनुसार फोन पर उसे जान से मरवाने और गुंडों से नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी गई। विकास का कहना है कि जब उसने पड़ोसी द्वारा उसकी दुकान की दीवार पर कीलें ठोकने और पहले हुई तोड़फोड़ का जिक्र किया तो राजेश कुमार ने कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग किया और दुकान पर आकर देखने की बात कही।

शिकायतकर्ता के अनुसार वह रात करीब 10.30 बजे तक दुकान पर इंतजार करता रहा, लेकिन कोई नहीं आया। बाद में फोन करने पर बताया गया कि वह अगली सुबह आएगा। अगले दिन सुबह भी उसने दुकान पर इंतजार किया, मगर आरोपी नहीं पहुंचे। विकास झोरड़ ने आरोप लगाया कि उसकी दुकान को नुकसान पहुंचाया गया है और उसे जान से मारने की धमकी दी गई है। उन्होंने पिता-पुत्र के खिलाफ मामला दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
